गढ़वा: जिले के सामाजिक और व्यवसायिक जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शहर के युवा व्यवसायी, समाजसेवी एवं यंग जायंट्स के पूर्व...
गढ़वा: जिले के सामाजिक और व्यवसायिक जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शहर के युवा व्यवसायी, समाजसेवी एवं यंग जायंट्स के पूर्व पदाधिकारी व सक्रिय सदस्य अजय कुमार गुप्ता (नमक पट्टी, गढ़वा) का इलाज के दौरान रांची के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से पूरे गढ़वा शहर में शोक की लहर दौड़ गई है और हर वर्ग के लोग स्तब्ध हैं।अजय कुमार गुप्ता अपने मिलनसार स्वभाव, कुशल व्यवहार और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए निरंतर कार्य करने के लिए जाने जाते थे। उन्होंने वर्षों तक यंग जायंट्स के बैनर तले अनेक सेवा कार्यों को अंजाम दिया। गरीबों की सहायता, सामाजिक सरोकारों में भागीदारी और प्रशासन के साथ मिलकर जनहित के कार्यों में उनकी भूमिका हमेशा सराहनीय रही।बताया जाता है कि वे पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। गढ़वा के एक निजी अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उनके शुभचिंतक—कमलेश कुमार गुप्ता (पिंटू गुप्ता), रविंद्र केसरी, प्रोफेसर उमेश सहाय सहित कई लोग उनसे मिलने पहुंचे थे। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।उनकी सबसे बड़ी विशेषता उनका अदम्य आत्मबल था। गंभीर बीमारी के बावजूद उनके चेहरे पर कभी शिकन नहीं दिखी। मिलने वालों से वे हमेशा यही कहते थे—“मैं ठीक हो जाऊंगा भैया”। उनकी यही सकारात्मक सोच आज हर किसी की आंखें नम कर रही है।अजय कुमार गुप्ता कपड़ा पट्टी स्थित “वंदना वस्त्रालय” के प्रोपराइटर भी थे और व्यवसायिक क्षेत्र में भी उनकी अच्छी पहचान थी। वे व्यवसायी संघ गढ़वा के अध्यक्ष राजेश गुप्ता के छोटे भाई थे। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरे व्यवसायिक और सामाजिक क्षेत्र को गहरी क्षति पहुंची है।यंग जायंट्स के साथ बिताए उनके कार्यकाल की पुरानी तस्वीरें आज उनके सेवा भाव की गवाही दे रही हैं। उन्होंने जिला प्रशासन के साथ मिलकर सैकड़ों रचनात्मक कार्य किए, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।इस दुखद घड़ी में शहर के समाजसेवियों, व्यवसायियों एवं आम नागरिकों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। हर कोई ईश्वर से प्रार्थना कर रहा है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों व शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें।
👉 सच में, अजय कुमार गुप्ता जैसे युवा, जो समाज के लिए जीते हैं, वे भले ही इस दुनिया से चले जाएं, लेकिन उनके कार्य और आदर्श हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहते हैं।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ