गढ़वा। बीएनटी सेंट मेरी स्कूल, गढ़वा में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्य...
गढ़वा। बीएनटी सेंट मेरी स्कूल, गढ़वा में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे के रंग में सजा रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन से हुई, जिसके बाद विद्यालय के निदेशक एवं मुख्य अतिथि उमाकांत तिवारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के बाद विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं शानदार मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया।इस अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के विशेष महत्व को भी रेखांकित किया गया। विद्यार्थियों ने दांडी मार्च, झांसी की रानी, भारतीय सेना, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र की एकता एवं
अखंडता सहित विभिन्न विषयों पर शानदार सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रस्तुतियां दीं। एलकेजी से लेकर कक्षा XII तक के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य, नाटक, भाषण एवं समूहगान के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कक्षा VI से VIII के विद्यार्थियों की भारतीय सेना पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने सैनिकों के त्याग, साहस एवं समर्पण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा XI एवं XII की छात्राओं के ‘वतन याद रहेगा’ समूहगान ने समारोह को भावुक कर दिया। बंगाली नृत्य सहित अन्य प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्ध विरासत की झलक प्रस्तुत की।कार्यक्रम में विद्यालय सचिव संचिता तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका रूपम दुबे एवं शिक्षक आशीष कुमार चौबे ने किया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।मौके परविद्यालय निदेशक उमाकांत तिवारी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक महत्व समझना और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और ज्ञान के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं तथा देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत रखना सभी का दायित्व है।विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद किया और विद्यार्थियों से शिक्षा, संस्कार एवं अनुशासन के माध्यम से देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने की अपील की।समारोह का समापन “जय हिंद! वंदे मातरम्!” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, अनुशासन, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिला।
टिप्पणियाँ