गढ़वा। शहर के सोनपुरवा स्थित बीएनटी सेंट मैरी स्कूल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विशेष योग एवं ध्यान सत्र का भव्य ...
गढ़वा। शहर के सोनपुरवा स्थित बीएनटी सेंट मैरी स्कूल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विशेष योग एवं ध्यान सत्र का भव्य आयोजन किया गया। 21 जून को रविवार होने के कारण विद्यालय परिवार ने एक दिन पूर्व शनिवार को ही उत्साह और उमंग के साथ इस कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। विद्यालय परिसर में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन और त्रिकोणासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी तथा ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति, एकाग्रता और तनावमुक्त जीवन के महत्व को समझाया गया।योग शिक्षक आशुतोष कुमार पांडेय के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस सत्र में कक्षा छह से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। वरिष्ठ कक्षा के विद्यार्थियों ने योग इंस्ट्रक्टर प्रतिनिधि के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि योग स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवन की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। वही विद्यालय के निदेशक उमाकांत तिवारी ने अपने संदेश में कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने योग को भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत बताते हुए विद्यार्थियों से इसके संदेश को परिवार और समाज तक पहुंचाने तथा स्वस्थ जीवन मूल्यों को अपनाने का आग्रह किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में सकारात्मक, ऊर्जावान और प्रेरणादायी वातावरण देखने को मिला। अंत में सामूहिक ध्यान, शांति मंत्र, स्वस्थ एवं निरोग जीवन के संकल्प तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय परिवार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" को आत्मसात करते हुए समाज में स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
टिप्पणियाँ