गढ़वा। शहर में सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए अग्रवाल परिवार द्वारा हर शनिवार की तरह इस शनिवार 14 मार्च को भी सैकड़ों जरूर...
गढ़वा। शहर में सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए अग्रवाल परिवार द्वारा हर शनिवार की तरह इस शनिवार 14 मार्च को भी सैकड़ों जरूरतमंद लोगों के बीच प्रसाद स्वरूप खिचड़ी का वितरण किया गया। सेवा और सहयोग की भावना से प्रेरित यह पहल अब निरंतर आगे बढ़ती जा रही है। इस शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के साथ ही अग्रवाल परिवार की ओर से किया जा रहा यह सेवा कार्य 113वें सप्ताह में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।कार्यक्रम के दौरान गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक प्रसाद स्वरूप खिचड़ी उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अग्रवाल परिवार की इस निरंतर सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे प्रयास दूसरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।अग्रवाल परिवार के सदस्यों ने इस अवसर पर आगामी पावन पर्व रामनवमी की सभी को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि समाज सेवा ही सच्ची पूजा है और जरूरतमंदों की मदद करना सबसे बड़ा धर्म है।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में अग्रवाल परिवार के कई सदस्य और समाजसेवी सक्रिय रूप से जुटे रहे। पूरे आयोजन के दौरान लोगों को व्यवस्थित रूप से भोजन वितरण कराया गया तथा सेवा भाव से सभी की सहायता की गई।मौके पर अग्रवाल परिवार के सक्रिय सदस्य राजीव रंजन अग्रवाल ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना ही उनके परिवार का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जब तक संभव होगा यह सेवा कार्य लगातार जारी रहेगा और समाज के वंचित वर्ग तक मदद पहुंचाने का प्रयास होता रहेगा।वही हर्ष अग्रवाल ने कहा कि हर शनिवार को आयोजित यह कार्यक्रम केवल भोजन वितरण नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक छोटासा प्रयास है। उन्होंने लोगों से भी ऐसे सेवा कार्यों में आगे आने की अपील की।वही चंद्र प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि जरूरतमंदों के चेहरे पर संतोष और मुस्कान देखना ही इस सेवा का सबसे बड़ा पुरस्कार है। उन्होंने बताया कि परिवार के सभी सदस्य मिलकर इस कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।वही पुरुषोत्तम अग्रवाल ने कहा कि सेवा की यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी और अधिक से अधिक लोगों तक सहायता पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। वहीं समाजसेवी विनय कश्यप ने कहा कि अग्रवाल परिवार का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि यदि समाज के सक्षम लोग इसी तरह आगे आएं तो जरूरतमंदों की काफी मदद हो सकती है।
टिप्पणियाँ