गढ़वा: श्रीकृष्ण गौशाला समिति, गढ़वा को झारखंड उच्च न्यायालय से महत्वपूर्ण राहत मिली है। गौशाला की भूमि पर कथित अवैध कब्जे से जु...
गढ़वा: श्रीकृष्ण गौशाला समिति, गढ़वा को झारखंड उच्च न्यायालय से महत्वपूर्ण राहत मिली है। गौशाला की भूमि पर कथित अवैध कब्जे से जुड़े मामले में दायर रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने तत्कालीन गढ़वा अपर समाहर्ता (एसी) द्वारा 23 मार्च 2024 को पारित आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है। साथ ही न्यायालय ने संबंधित पक्षों को एक सप्ताह के भीतर नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।गौशाला समिति के सचिव श्याम सुंदर प्रसाद द्वारा रिट याचिका संख्या 5241/2026 दायर की गई थी। याचिका में आरोप लगाया गया कि बीते कुछ वर्षों में भू-माफियाओं ने गौशाला के विभिन्न प्लॉटों से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है या कब्जा करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं।समिति की ओर से अधिवक्ता संजय कुमार पांडेय एवं ए.के. उपाध्याय ने न्यायालय में पक्ष रखा। मामले की सुनवाई करते हुए झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश आनंद सेन की अदालत ने तत्कालीन अपर समाहर्ता के आदेश पर रोक लगाते हुए संबंधित पक्षों को एक सप्ताह के भीतर नोटिस देने का निर्देश दिया।उच्च न्यायालय के आदेश के बाद श्रीकृष्ण गौशाला समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सदस्यों ने न्यायालय के निर्णय का स्वागत करते हुए न्यायपालिका के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। साथ ही अधिवक्ता संजय कुमार पांडेय, ए.के. उपाध्याय तथा गौशाला समिति के कानूनी सलाहकार परेश तिवारी के प्रति आभार प्रकट किया गया।बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन-जिन प्लॉटों पर अवैध कब्जा किया गया है अथवा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, उन सभी मामलों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित न्यायालयों में प्रभावी ढंग से पक्ष रखा जाएगा। इसके अलावा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर उन्हें वास्तविक दस्तावेज उपलब्ध कराने और सही स्थिति से अवगत कराने का भी निर्णय लिया गया।
समिति ने बताया कि गौशाला की अधिकांश गायों के गर्भवती होने के कारण वर्तमान में दूध का उत्पादन कम हो गया है, जिससे ग्राहकों को नियमित रूप से दूध उपलब्ध नहीं हो पा रहा है तथा आय भी प्रभावित हुई है। इस स्थिति को देखते हुए शीघ्र दो दुधारू गाय खरीदने का निर्णय लिया गया।बैठक में समय पर किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी करने तथा समय पर किराया नहीं देने की स्थिति में दुकान खाली कराने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही आगामी 15 अगस्त को पूर्वाह्न 11:50 बजे गौशाला परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष विनोद पाठक ने की, जबकि संचालन सचिव श्याम सुंदर प्रसाद ने किया। कार्यकारी अध्यक्ष उपेंद्र सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ। बैठक में उपाध्यक्ष घनश्याम प्रसाद उर्फ पुतुल, कोषाध्यक्ष नंदलाल प्रसाद, उप सचिव अरविंद पटवा, उप कोषाध्यक्ष प्रवीण जायसवाल, प्रो. विवेकानंद उपाध्याय, विजय केसरी, अवधेश कुशवाहा, संतोष कुमार, मनोज पटनायक, रमेश कुमार पाठक, मृत्यंजय कुमार, विकेश सिंह, श्यामानंद पांडेय, मुखिया सुरेंद्र यादव, सुरेश अग्रवाल, मंतोष कुमार, सुरेश मेहता सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।




टिप्पणियाँ