गढ़वा। बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में गढ़वा की मेधावी छात्रा रानी वैष्णवी सिंह को बैचलर ऑफ साइंस (...
गढ़वा। बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में गढ़वा की मेधावी छात्रा रानी वैष्णवी सिंह को बैचलर ऑफ साइंस (पैथोलॉजी) में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले टॉपर्स में शामिल होने पर टॉपर्स सर्टिफिकेट एवं गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के हाथों प्राप्त हुआ। रानी वैष्णवी की इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित शहर में खुशी का माहौल है। रानी वैष्णवी सिंह कृषि विज्ञान केंद्र कचहरी रोड निवासी सदस्य प्रदेश दिशा समिति, झारखंड के भारत सरकार द्वारा मनोनीत सदस्य एवं सेवानिवृत्त अंचल निरीक्षक, विश्रामपुर पलामू दशरथ पासवान की नतनी तथा छोटेलाल सिंह एवं विभा रानी की सुपुत्री हैं। दीक्षांत समारोह में राज्यपाल के हाथों गोल्ड मेडल मिलने के बाद परिवार के लोगों ने इसे रानी वैष्णवी की मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण का गौरवपूर्ण परिणाम बताया।
रानी वैष्णवी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय गढ़वा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय विद्यालय, हिनू रांची से 12वीं की पढ़ाई पूरी की, जहां उन्होंने 10वीं में 76.8 प्रतिशत तथा 12वीं में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके बाद उन्होंने बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ साइंस (पैथोलॉजी) की पढ़ाई पूरी की और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर टॉपर्स में स्थान बनाते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया।
“मेहनत और परिवार के सहयोग से हासिल हुआ मुकाम, राज्यपाल के हाथों गोल्ड मेडल मिलना गर्व का क्षण” — रानी वैष्णवी
अपनी उपलब्धि पर रानी वैष्णवी सिंह ने कहा कि आज उनके लिए बेहद खुशी और गर्व का दिन है। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग की बदौलत वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं। राज्यपाल के हाथों टॉपर्स सर्टिफिकेट और गोल्ड मेडल प्राप्त करना उनके लिए गौरवपूर्ण क्षण है।उन्होंने बताया कि उनका आगे का लक्ष्य सरकारी क्षेत्र में प्रोफेसर बनकर विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान देना है। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे उनके माता- विभा रानी एवं पिता छोटेलाल सिंह, नाना दशरथ राम, नानी कलावती देवी, मामा-मामी तथा छोटी बहन रानी सृष्टि सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
“बेटी शिक्षित होगी तो परिवार के साथ आने वाली पीढ़ियां भी शिक्षित होंगी” — रानी वैष्णवी
युवा पीढ़ी को संदेश देते हुए रानी वैष्णवी ने कहा कि बेटा हो या बेटी, दोनों के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। एक बेटी के शिक्षित होने से उसका परिवार ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियां भी शिक्षा की ओर आगे बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही व्यक्ति अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के साथ अपने परिवार, समाज, जिला, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकता है। उन्होंने कहा कि उनके पूरे परिवार के लोग विभिन्न सरकारी क्षेत्रों में कार्यरत हैं और उनका परिवार शिक्षा को हमेशा प्राथमिकता देता आया है।
“नतनी की सफलता पर गर्व, गोल्ड मेडल ने परिवार की खुशी दोगुनी कर दी” — नाना दशरथ राम
नाना दशरथ राम ने रानी वैष्णवी की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि नतनी ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे परिवार का मान बढ़ाया है। राज्यपाल के हाथों गोल्ड मेडल प्राप्त करना परिवार के लिए अत्यंत गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने रानी वैष्णवी को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नानी कलावती देवी ने कहा कि रानी वैष्णवी ने पढ़ाई के प्रति हमेशा गंभीरता और मेहनत दिखाई। उसकी इस उपलब्धि से उन्हें बेहद खुशी है। उन्होंने मुंह मीठा कराकर अपनी नतनी को आशीर्वाद दिया और जीवन में लगातार आगे बढ़ने की कामना की।
“बेटी ने परिवार का नाम रोशन किया, आगे भी सफलता की ऊंचाइयां छुए” — माता विभा रानी
माता विभा रानी ने कहा कि बेटी की मेहनत का परिणाम आज गोल्ड मेडल के रूप में सामने आया है। राज्यपाल के हाथों सम्मान प्राप्त करना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि रानी ने परिवार का नाम रोशन किया है और वह आगे भी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर समाज के लिए बेहतर कार्य करे, यही उनकी कामना है।
“बहन की सफलता हम सभी के लिए प्रेरणादायक” — छोटी बहन रानी सृष्टि सिंह
छोटी बहन रानी सृष्टि सिंह ने अपनी बड़ी बहन की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि रानी वैष्णवी की सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अपनी बहन को राज्यपाल के हाथों गोल्ड मेडल प्राप्त करते देखना उनके लिए बेहद खुशी और प्रेरणा का क्षण है।रानी वैष्णवी सिंह की इस उपलब्धि से परिवार के सदस्यों में उत्साह और खुशी का माहौल है। नाना-नानी ने अपनी नतनी का मुंह मीठा कराकर आशीर्वाद दिया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परिवार ने उम्मीद जताई कि रानी वैष्णवी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नई उपलब्धियां हासिल करते हुए समाज और देश की सेवा करेगी।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।


टिप्पणियाँ