जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता और कार्य में शिथिलता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगी" : उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा गढ़व...
जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता और कार्य में शिथिलता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगी" : उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा
गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने शनिवार को भंडरिया एवं बड़गढ़ प्रखंड का व्यापक निरीक्षण कर स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा सेवा में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं जवाबदेह कार्य संस्कृति अपनाने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भंडरिया का औचक निरीक्षण कर ओपीडी, वार्ड, दवा भंडार, उपस्थिति पंजी, स्टॉक रजिस्टर, औषधि उपलब्धता एवं अन्य स्वास्थ्य अभिलेखों की गहन जांच की। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जाए। अस्पताल में पेयजल की समस्या सामने आने पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को तत्काल बोरिंग कराने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने हाल ही में सीएचसी भंडरिया में चिकित्सकों के साथ सुरक्षा गार्ड द्वारा किए गए दुर्व्यवहार की घटना का भी संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि संबंधित गार्ड को हटाकर आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है तथा भविष्य में अस्पताल की कार्यप्रणाली बाधित करने अथवा अनुशासनहीनता करने वाले किसी भी कर्मी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इसके बाद उपायुक्त ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, भंडरिया का निरीक्षण कर शिक्षा, भोजन, पेयजल एवं छात्रावास व्यवस्था का जायजा लिया। व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया।बड़गढ़ प्रखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान सभी स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले, जबकि डॉ. कृष्ण कुमार 6 जुलाई के बाद से अनुपस्थित पाए गए। इस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया। ग्रामीणों द्वारा 24×7 स्वास्थ्य सेवा, नियमित चिकित्सक, एंबुलेंस एवं सुरक्षा गार्ड की मांग पर उन्होंने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया तथा सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
भंडरिया एवं बड़गढ़ प्रखंड कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा सहित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने SIR-2026 अभियान की समीक्षा कर सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत एवं त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा: जनसेवा सर्वोच्च दायित्व, लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराना है। सभी अधिकारी-कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करें, जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता या जनहित की उपेक्षा किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होगी।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ