◆ उपायुक्त ने जनसुनवाई के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं ◆ प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित ...
◆ उपायुक्त ने जनसुनवाई के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं
◆ प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित
गढ़वा।उपायुक्त गढ़वा दिनेश यादव ने आज समाहरणालय स्थित सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से उपायुक्त द्वारा समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।
उक्त जनसुनवाई में धुरकी प्रखंड के ग्राम धोबनी निवासी योगेंद्र प्रसाद यादव ने पंचायत समिति के योजना कार्य में राशि की अवैध निकासी करने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि धुरकी प्रखंड के कदवा ग्राम में पंचायत समिति की योजना अंतर्गत विभिन्न कार्य जैसे कि चबूतरा निर्माण एवं गार्डवॉल का निर्माण आदि कार्य बिना निर्माण किए ही राशि की निकासी अवैध तरीके से कर ली गई है। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति योजना के सभी कार्य को जिला परिषद के योजना अंतर्गत कार्यों को दिखाते हुए पंचायत समिति योजना के अध्यक्ष, सचिव एवं बिचौलियों द्वारा मिली भगत करते हुए बिना निर्माण कार्य किए ही राशि की निकासी कर ली गई है। अतः उन्होंने उक्त मामले की जांच करते हुए दोषी व्यक्तियों पर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
स्थानांतरण के संबंध में उमेश राम,शिक्षक, उत्क्रमित उर्दू उच्च विद्यालय गुरदी, गढ़वा ने आवेदन समर्पित किया है। उन्होंने बताया कि वह हाथ एवं पैर से करीब 95% दिव्यांग हैं। वर्तमान में उनका पदस्थापन उत्क्रमित उर्दू उच्च विद्यालय गुरदी गढ़वा में है, जो जोन-4 क्षेत्र में आता है तथा आवागमन हेतु परिवहन की समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं है। चूंकि वे शारीरिक रूप से 95% दिव्यांग है जिसके कारण विद्यालय आने-जाने में अत्यंत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अतः उन्होंने अपना स्थानांतरण सुविधानुकूल विद्यालय CM SOE GIRLS' SCHOOL GARHWA या उत्क्रमित उच्च विद्यालय ओखरगाड़ा मेराल में करने का अनुरोध किया है। मंझिआंव प्रखंड की ग्राम दलको निवासी अनीता देवी ने स्वीकृत योजना के तहत प्रधानमंत्री आवास का निर्माण अपने परिजनों द्वारा नहीं करने देने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उन्हें आवास निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है। आवास निर्माण हेतु उन्होंने आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी भी कर चुकी है परंतु उनके ही पति, भैसुर एवं जेठानी आदि द्वारा निर्माण कार्य में अवरोध उत्पन्न किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त सभी दुर्भावना से ग्रसित हैं तथा एकमत होकर किसी तरह उनके आवास निर्माण का कार्य रोकने में लगे हुए हैं। अतः उन्होंने आवेदन पत्र समर्पित करते हुए अपने आवास निर्माण का कार्य कराने में आवश्यक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया है।रंका प्रखंड के तमगे खुर्द निवासी रंजू देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए प्रधानमंत्री आवास एवं अबुआ आवास का लाभ अयोग्य व्यक्ति द्वारा लिए जाने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि संतोष राम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण की स्वीकृति प्राप्त की गई है जबकि उनके पिता सुकन राम द्वारा अबुआ आवास निर्माण की स्वीकृति प्राप्त की गई है। लाभुक संतोष राम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास का निर्माण नहीं किया गया है तथा किसी अन्य आवास को दिखाकर पैसे की निकासी कर ली गई है जबकि उनके पिता द्वारा अबुआ आवास का निर्माण निर्धारित स्थल पर ना करते हुए अन्य स्थान पर भूमि खरीद कर किया गया है। आवास निर्माण के तहत अबुआ आवास योजना के नियमों का उल्लंघन भी किया गया है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त दोनों लाभुक योजना के तहत अयोग्य हैं। उन्होंने उपरोक्त मामले की जांच कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।इसी प्रकार बारी-बारी से लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री यादव द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
**************************************
गढ़वा में उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक: राजस्व संग्रह में प्रगति, अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश”
गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय वेश्म में उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में राजस्व संग्रह की प्रगति की समीक्षा करना, खुदरा उत्पाद दुकानों के संचालन की स्थिति का आकलन करना तथा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना था।बैठक के दौरान उत्पाद विभाग द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में बताया गया कि फरवरी 2026 तक राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। विभाग द्वारा निर्धारित वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष वसूली संतोषजनक पाई गई, जिस पर उपायुक्त ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे और बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में संचालित खुदरा उत्पाद दुकानों के नवीनीकरण की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। यह जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2026 -27 के लिए गढ़वा जिला अंतर्गत संचालित 41 खुदरा उत्पाद दुकानों में से 32 खुदरा उत्पाद दुकानों के नवीकरण हेतु अनुज्ञाधारियों द्वारा आवेदन समर्पित किया गया है, शेष 9 दुकानों के लिए बंदोबस्ती की प्रक्रिया उत्पाद मुख्यालय झारखंड रांची से प्राप्त निर्देशों के पश्चात प्रारंभ की जाएगी। कुछ मामलों में अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की गई है। शेष दुकानों के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।उपायुक्त ने विशेष रूप से मंदिरों, धार्मिक स्थलों एवं विद्यालयों के आसपास संचालित शराब दुकानों के नियमित निरीक्षण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक दृष्टिकोण से संवेदनशील स्थानों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के क्रम में पायी गई गड़बड़ियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में झारखंड के आयुक्त उत्पाद, रांची द्वारा जारी निर्देशों के आलोक में जिले में अवैध शराब के विरुद्ध सघन एवं सतत अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाने हेतु सभी थाना क्षेत्रों में नियमित छापेमारी अभियान चलाया जाए। साथ ही प्रमुख सड़कों पर 24×7 जांच अभियान संचालित कर अवैध परिवहन को रोकने के निर्देश दिए गए।उन्होंने उत्पाद एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया, ताकि कार्रवाई अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख हो सके। रोड के किनारे स्थित ढाबों एवं लाइन होटलों की नियमित जांच, सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता तथा अवैध शराब के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त अवैध कारोबारियों की सटीक लोकेशन की जानकारी संकलित कर लक्षित छापेमारी करने पर जोर दिया गया।बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, पुलिस उपाधीक्षक यशोधरा, जिला उत्पाद अधीक्षक संजीत कुमार देव तथा उत्पाद विभाग के पदाधिकारी निर्मल मरांडी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित थे, जबकि अन्य पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करते हुए न केवल राजस्व संग्रह में वृद्धि सुनिश्चित करें, बल्कि जिले को अवैध शराब मुक्त बनाने की दिशा में भी ठोस और प्रभावी कदम उठाएं।
**************************************
गढ़वा।आज पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गढ़वा, अंतर्गत चिनिया प्रखंड के बेता पंचायत के ग्राम सिकट में "जल महोत्सव" पखवाड़ा अंतर्गत" जल अर्पण दिवस" का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। मौके पर उपस्थित कार्यपालक अभियंता अजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में जल अर्पण दिवस के महत्व यथा- भूजल का रिचार्ज, जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन पर उपस्थित जन प्रतिनिधियों, कर्मियों एवं ग्रामीणों को विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की गई। इस कार्यक्रम को प्रखंड प्रमुख, चिनियां, सहायक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गढ़वा के साथ साथ बेता पंचायत के मुखिया के द्वारा भी जल संचय के बारे में विस्तार से बताया गया। जल अर्पण दिवस में उपस्थित सभी ग्रामीणों के साथ साथ जलसहिया, सभी जनप्रतिनिधि एवं कर्मियों को कार्यपालक अभियंता ने शपथ दिलाया। साथ ही उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के द्वारा जल अर्पण करते हुए जल संचय का संदेश उपस्थिति ग्रामीणों के बीच दिया गया। जिला समन्वयक अनुज श्रीवास्तव एवं नवनीत उपाध्याय के द्वारा भी अपने वक्तव्य में पेयजल आपूर्ति का रखरखाव, वर्षा जल संचयन, जलकर शुल्क के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। अंत में जलमीनार एवं नल को रक्षा सूत्र बांधते हुए उसके सुरक्षा एवं रख रखाव का संदेश भी ग्रामीणों को दिया गया।
**************************************
समाहरणालय सभागार में गरिमामय आयोजन के साथ मनाया गया सरहुल पर्व
गढ़वा। प्रकृति, परंपरा और सामुदायिक एकता के प्रतीक सरहुल पर्व के अवसर पर गढ़वा समाहरणालय सभागार में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश सहित कल्याण विभाग के सभी कर्मी उपस्थित रही।“सरहुल” पर्व, जिसका अर्थ मुंडारी भाषा में “साल वृक्ष का त्योहार” है, झारखंड की प्रमुख आदिवासी समुदायों की आस्था और प्रकृति के प्रति उनके गहरे संबंध को दर्शाता है। इस अवसर पर साल वृक्ष की पूजा-अर्चना की जाती है तथा ग्राम देवताओं को फूल एवं अन्न अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं अच्छी फसल की कामना की जाती है।गढ़वा जिले में अनुसूचित जनजाति एवं आदिम जनजाति समुदाय की महत्वपूर्ण उपस्थिति है। जिले के लगभग 900 ग्रामों में से करीब 600 ग्रामों में अनुसूचित जनजाति तथा 195 ग्रामों में आदिम जनजाति समुदाय निवास करते हैं, जिनकी अधिकता बरगड़, भंडरिया, चिनिया, रंका एवं रमकंडा प्रखंडों में है। यह समुदाय जिले की कुल जनसंख्या का लगभग 15 प्रतिशत है और अपनी परंपराओं एवं प्रकृति संरक्षण के माध्यम से क्षेत्र की पहचान को सशक्त करता है।इस अवसर पर उपायुक्त श्री यादव द्वारा प्रकृति उपासक आदिवासी भाइयों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। उन्होंने अनुसूचित जनजाति समुदाय के प्रति जिला प्रशासन की ओर से गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि इनके योगदान से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, परंपराएं एवं वन सुरक्षित हैं और राज्य की पहचान देशभर में स्थापित हो रही है।उन्होंने समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान के लिए आभार प्रकट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अनुसूचित जनजाति समुदाय के सभी परिवारों के सहयोग के लिए सदैव तत्पर है।सरहुल पर्व का यह आयोजन न केवल प्रकृति की आराधना का प्रतीक है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और सामूहिक एकता का भी सशक्त संदेश देता है।
**************************************




टिप्पणियाँ