गढ़वा। प्रखंड के कामता गांव स्थित बी.डी. पब्लिक स्कूल में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का पर्व पूरे उत्साह, उम...
गढ़वा। प्रखंड के कामता गांव स्थित बी.डी. पब्लिक स्कूल में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का पर्व पूरे उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर में एक ओर जहां नन्हे-मुन्ने बच्चों की राधा-कृष्ण की मनमोहक छवियों ने सभी का मन मोह लिया, वहीं दूसरी ओर शिक्षकों के सम्मान ने पूरे कार्यक्रम को भावनात्मक एवं गरिमामय बना दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक आलोक कुमार पांडेय ने भारत के महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माता-पिता बच्चों को जीवन देते हैं, लेकिन जीवन जीने की कला शिक्षक सिखाते हैं। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने का कार्य नहीं करते, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व को निखारकर उन्हें चरित्रवान, जिम्मेदार और बेहतर इंसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन शिक्षा, संस्कार और आदर्शों का प्रतीक है। उनके बताए मार्ग पर चलकर विद्यार्थी अपने जीवन को सार्थक बना सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी बच्चों ने अपने शिक्षकों को उपहार देकर उनका सम्मान किया। प्रिशा बनीं राधा, गोरांग ने धारण किया कान्हा का रूप
जन्माष्टमी समारोह का सबसे आकर्षक केंद्र विद्यालय के नन्हे कलाकार रहे। नर्सरी की प्रिशा पांडेय राधा रानी के रूप में और यूकेजी के गोरांग कुमार भगवान श्रीकृष्ण के रूप में नजर आए। नन्हे-नन्हे बच्चों ने पीले परिधानों में सजकर राधा-कृष्ण के सखाओं एवं साथियों की भूमिका निभाई तो पूरा विद्यालय परिसर मानो ब्रजधाम में तब्दील हो गया।बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं और शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से राधा-कृष्ण की बाल लीलाओं को जीवंत कर दिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। नन्हे कलाकारों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और उनकी खूब सराहना की।कार्यक्रम में मटका फोड़ का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों, प्रेम, मित्रता और धर्म के संदेश को बेहद खूबसूरत अंदाज में प्रस्तुत किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा, राधा-कृष्ण की झांकियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शिक्षक सम्मान ने समारोह को यादगार बना दिया।कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं आकांक्षा केसरी, द्रक्षा एवं याशमीन तथा शिव कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।मौके पर प्रिशा पांडेय, स्नेहा कुमारी, आयुषी कुमारी, प्रियांशी कुमारी, साक्षी कुमारी, दिव्या कुमारी, अर्पणा कुमार, मयंक कुमार, अतीफ आज़ाद खान, सोनू कुमार, अभिराज कुमार, राजन कुमार, अंकुश कुमार (कक्षा-यूकेजी), अम्बर, ऋतु राज, गोरांग कुमार सहित काफी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
टिप्पणियाँ