गढ़वा, 12 अगस्त। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर नालसा एवं झालसा, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए),...
गढ़वा, 12 अगस्त। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर नालसा एवं झालसा, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), गढ़वा द्वारा उत्क्रमित उच्च विद्यालय कल्याणपुर में “सशक्त युवा, सशक्त भारत” विषय पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज प्रसाद एवं सचिव निभा रंजना लकड़ा के निर्देशानुसार आयोजित हुआ।शिविर में मेरा युवा भारत के जिला पदाधिकारी पामीर सिंह ने विद्यार्थियों को युवाओं के अधिकार एवं कर्तव्यों, शिक्षा, नशामुक्ति, बाल विवाह, बाल संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव तथा निशुल्क विधिक सहायता सहित विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी दी।डीएलएसए के पीएलबी मुरली श्याम तिवारी ने कहा कि युवा देश की शक्ति और गौरव हैं। इतिहास गवाह है कि जब-जब देश में क्रांति और परिवर्तन आया, उसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बाल विवाह उन्मूलन, नशामुक्ति अभियान एवं अनाथ बच्चों के लिए संचालित स्पॉन्सरशिप योजना की भी जानकारी दी।पीएलबी रमाशंकर चौबे ने कहा कि भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवाओं को समाज में फैली कुरीतियों और बुराइयों को दूर करने के लिए जागरूकता फैलानी होगी तथा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना उनका अधिकार और कर्तव्य है।पामीर सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम में भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, खुदीराम बोस और अशफाक उल्ला खान जैसे युवाओं के योगदान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से अपने अधिकार एवं कर्तव्यों को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन यशवंत कुमार मिश्रा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्ति एवं मेरा युवा भारत की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति के संकल्प और प्रयास से सामाजिक परिवर्तन एवं राष्ट्र निर्माण को नई गति मिल सकती है।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सैफुल्लाह अंसारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मौके पर पीएलबी यशवंत कुमार मिश्रा, मुरली श्याम तिवारी, रमाशंकर चौबे, शिक्षिका अनामिका कुमारी, अंजनी कुमारी, रोकाया तरन्नुम सहित विद्यालय की अन्य शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ