गढ़वा, 26 अगस्त। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस की याद में मनाया जाने वाला पवित्र पर्व ईद-ए-मिलाद-उन-नबी बुधवार क...
गढ़वा, 26 अगस्त। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस की याद में मनाया जाने वाला पवित्र पर्व ईद-ए-मिलाद-उन-नबी बुधवार को गढ़वा जिले में पूरे अकीदत, उत्साह और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर से लेकर जिले के विभिन्न प्रखंडों में मिलाद की महफिलों के साथ भव्य जुलूस निकाले गए, जिनमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए।गढ़वा शहर में निकाला गया जुलूस विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। जुलूस में शामिल लोगों ने आपसी भाईचारे, प्रेम, सौहार्द और शांति का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव की भी सुंदर तस्वीर देखने को मिली। जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से अपने निर्धारित मार्गों से भ्रमण करते हुए संपन्न हुआ।ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के इस खास मौके पर मुस्लिम समाज के सामाजिक कार्यकर्ताओं, मौलवी-मौलाना, बुद्धिजीवियों के साथ चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े चिकित्सकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। लोगों ने एक-दूसरे को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद देते हुए पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने और समाज में प्रेम, करुणा, इंसानियत तथा भाईचारा कायम रखने का संदेश दिया।
चौक-चौराहों पर जलपान की व्यवस्था, सेवा भाव की दिखी मिसाल
जुलूस के दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर मुस्लिम समाज के समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों की ओर से जुलूस में शामिल लोगों के लिए पानी, शरबत और जलपान की व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह लोगों ने श्रद्धा और सेवा भाव के साथ जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया। इससे पर्व के दौरान सामाजिक एकता और आपसी सहयोग की भावना और मजबूत होती दिखाई दी।इस अवसर पर डॉ. यासीन अंसारी, डॉ. अरशद अंसारी, डॉ. असजद अंसारी, डॉ. माहेरू यमानी, डॉ. महजबी यमानी, डॉ. नौशाद आलम, शौकत खान,सिराज खान, शम्मी खान, अंजली गुप्ता, जवाहर पासवान, मोहम्मद रुस्तम, मोहम्मद अब्दुल, तनवीर आलम सहित कई लोगों ने ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद देते हुए जिलेवासियों के लिए अमन, शांति और खुशहाली की कामना की। पुलिस की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण रहा आयोजन
ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में गढ़वा पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवानों की भूमिका अहम रही। संवेदनशील स्थानों एवं जुलूस के मार्गों पर पुलिस की तैनाती और निगरानी बनी रही। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के कारण पूरे जिले में पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।ईद-ए-मिलाद-उन-नबी ने एक बार फिर गढ़वा की गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की। पर्व के दौरान लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए इंसानियत, मोहब्बत, शांति और जरूरतमंदों की सेवा का संदेश दिया।
खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।


टिप्पणियाँ