गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मझिआँव प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं सामु...
गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मझिआँव प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मझिआँव का औचक निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं, कार्यालयीन कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही, कार्यों में शिथिलता और सेवा वितरण में किसी भी प्रकार की कोताही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के निरीक्षण में सभी कर्मी उपस्थित मिले तथा SIR से संबंधित कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई। हालांकि, प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं मिलने पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और प्रखंड विकास पदाधिकारी कनक को योजना के प्रखंड समन्वयक से तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कल्याण विभाग से प्राप्त साइकिलों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ मिलना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही कार्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मझिआँव का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी गोविंद सेठ को सभी अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, चिकित्सकीय व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा कार्यप्रणाली पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार, दवा, जांच और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से फीडबैक प्राप्त करते हुए अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया।क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने सदर अस्पताल में भर्ती कामेश्वर परहिया से भी मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों को बेहतर एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने दो टूक शब्दों में कहा कि जिले में संचालित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लाभुकों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सरकारी कार्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मियों की उपस्थिति, कार्यों की गुणवत्ता तथा जनसेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ निर्वहन करने का सख्त निर्देश दिया।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ