अनधिकृत अनुपस्थिति पर सख्ती, कार्यपालक पदाधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण औचक निरीक्षण में उपायुक्त का सख्त संदेश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनसेवा...
अनधिकृत अनुपस्थिति पर सख्ती, कार्यपालक पदाधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण
औचक निरीक्षण में उपायुक्त का सख्त संदेश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनसेवा में गुणवत्ता और समयबद्धता अनिवार्य
**************************************
गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी अनन्य मित्तल ने आज श्री बंशीधरनगर का औचक निरीक्षण कर नगर पंचायत कार्यालय, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय तथा अनुमंडल कार्यालय की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पारदर्शिता बढ़ाने तथा जनसेवाओं में गति लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण की शुरुआत नगर पंचायत कार्यालय से की गई, जहाँ सभी कर्मी उपस्थित पाए गए, किंतु उपायुक्त के आने की सूचना होने के बावजूद भी कार्यपालक पदाधिकारी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित मिले। उपायुक्त ने इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्होंने नए कार्यालय भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। अंचल अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि इसके लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है।अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने लंबित म्यूटेशन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी मामलों में अनावश्यक विलंब से आमजन को परेशानी होती है, जिसे हर हाल में रोका जाना चाहिए।उपायुक्त ने राइट टू सर्विस एक्ट के प्रावधानों के सख्त अनुपालन पर जोर देते हुए कहा कि अधिनियम के तहत आने वाली सभी सेवाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अभिलेखों की गहन जांच करते हुए कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।अनुमंडल कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में शौचालय की स्थिति असंतोषजनक पाई गई, जिस पर उपायुक्त ने नगर पंचायत के साथ समन्वय स्थापित कर सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा, जन्म प्रमाण पत्र निर्गमन प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सभी मामलों की समुचित जांच के उपरांत ही प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को सामान्य निर्देश देते हुए कार्यालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, सभी कार्यों का समयबद्ध एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधरनगर प्रभाकर मिर्धा, प्रखंड विकास पदाधिकारी रोशन कुमार, अंचल अधिकारी विकास कुमार सिंह, एसीडीपीओ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
*************************************खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ