गढ़वा। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मंगलवार को करीब एक हजार कांवरियों को ब...
गढ़वा। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मंगलवार को करीब एक हजार कांवरियों को बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर के लिए बोल बम रवाना किया। पूर्व मंत्री की ओर से कांवरियों के लिए करीब डेढ़ दर्जन बसों के साथ रास्ते के नाश्ते, ठहराव एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई।गढ़वा बस स्टैंड से कांवरियों को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान पूरा शहर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। गढ़वा जिला बस एसोसिएशन की ओर से पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर एवं झामुमो जिला कमिटी के पदाधिकारियों को माला पहनाकर एवं चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।इससे पूर्व जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे कांवरियों के लिए पूर्व मंत्री के आवास पर भोजन की व्यवस्था की गई। इसके बाद सभी श्रद्धालु चिनिया मोड़ स्थित काली मंदिर परिसर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना के पश्चात मिथिलेश ठाकुर कांवरियों के साथ पैदल रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर एवं गढ़देवी मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इसके बाद सभी बस स्टैंड पहुंचे, जहां कांवरियों को नाश्ता, अंगवस्त्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर देवघर के लिए रवाना किया गया।
मुख्य अतिथि मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा—“यह धार्मिक यात्रा 16 वर्षों से लगातार जारी है”
पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी करीब एक हजार श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए देवघर भेजा जा रहा है। बाबा बैद्यनाथ के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और इसी श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए पिछले 16 वर्षों से लगातार यह धार्मिक यात्रा आयोजित की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कांवर यात्रा का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। इसका मूल उद्देश्य समाज के वैसे लोगों को भी बाबा बैद्यनाथ के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक अभाव के कारण स्वयं देवघर जाने में सक्षम नहीं हो पाते हैं।
श्री ठाकुर ने कहा कि समाज के हर वर्ग के लोगों को अपनी धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ बाबा भोलेनाथ के दर्शन का अवसर मिलना चाहिए। ऐसे सेवा कार्यों से उन्हें आत्मसंतुष्टि मिलती है।उन्होंने कांवरियों से अपील की कि बाबा बैद्यनाथ से गढ़वा सहित पूरे झारखंड की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना करें। साथ ही उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना की।इस अवसर पर झामुमो जिलाध्यक्ष ,कर्मठ झामुमो नेता नितेश सिंह, जिला सचिव शरीफ अंसारी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा चौबे, मीडिया पैनलिस्ट धीरज दुबे, जवाहर पासवान, संतोष केशरी,शम्मी खान,जवाहर पासवान , आशीष अग्रवाल , आशुतोष पांडे,नूर आलम , रेखा चौबे ,अराधना सिंह, चंदा देवी, तनवीर आलम, मनोज ठाकुर सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।


टिप्पणियाँ