गढ़वा : गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान देते हुये उन्हें राष्ट्रमाता के रूप में दर्जा दिलाने के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत गढ़वा जिल...
गढ़वा : गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान देते हुये उन्हें राष्ट्रमाता के रूप में दर्जा दिलाने के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत गढ़वा जिले से भी देश के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, झारखंड के मुख्यमंत्री और राज्यपाल को प्रार्थना पत्र भेजा गया. विदित हो कि गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर 27 अप्रैल को भारत देश के सभी तहसीलों से एक ही समय में सक्षम पदाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्य के मुख्यमंत्री और राज्यपाल को प्रार्थना पत्र भेजे जाने का निर्णय लिया गया था. इसी के आलोक में गढ़वा जिले के सभी प्रखंडों में विगत एक महीने से हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा था. उक्त हस्ताक्षर युक्त प्रार्थना पत्र को सोमवार को जिला मुख्यालय गढ़वा के अलावे रंका, श्री बंशीधर नगर, मझिआंव, बरडीहा, कांडी, भवनाथपुर सहित विभिन्न प्रखंडों से गोभक्तों द्वारा सामूहिक रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, झारखंड के मुख्यमंत्री और राज्यपाल को भेजा गया. इस प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में भारतीय गोवंशों की स्थिति अत्यंत पीड़ादायक है. गोवंशों की प्रतिदिन बड़े पैमाने पर तस्करी और उनका वध किया जाता है. इसके अलावे सड़कों पर भी उनकी दुदर्शा अत्यंत कष्टकारी है. इसको देखते हुये संपूर्ण भारतवर्ष में गोमाता की विधिवत सेवा, पूर्ण सुरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करने की जरूरत है. प्रार्थना पत्र में इसके लिये केंद्रीय कानून बनाने एवं गोपालन मंत्रालय स्थापना करने की मांग की गयी. गढ़वा में अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार को प्रार्थना पत्र देने के बाद विहिप के जिला मंत्री सोनू सिंह ने कहा कि देश के सभी तहसील से भेजा जा रहा यह प्रार्थना पत्र गो सम्मान आह्वान अभियान का प्रथम चरण का हिस्सा है. यदि इसके बाद भी सरकार द्वारा उक्त मांगों पर पहल नहीं की जाती है, तो इसके अगले चरण में जिलास्तर पर गोभक्तों द्वारा उपरोक्त सभी लोगों को प्रार्थना पत्र भेजा जायेगा. इसी तरह से आगे अभियान को सतत जारी रखते हुये तबतक चलाया जायेगा, जबतक गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित नहीं कर दिया जाता है. इस अवसर पर गायत्री परिवार के जिला समन्वयक विनोद पाठक, गढ़वा नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल पांडेय, श्रीकृष्ण गौशाला के प्रवीण जायसवाल, विहिप के करण चंद्रवंशी, शुभम चौबे, अभिषेक भारद्वाज, नितिश सिंह, जयप्रकाश कुमार, रंजन कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे. इसी तरह से रंका से श्रीकृष्ण गौशाला के सचिव श्याम सुंदर प्रसाद, श्री बंशीधर नगर से गायत्री परिवार के अजीत चौबे, मझिआंव से नागेंद्र सिंह, बरडीहा से डॉ राम नरेश प्रसाद, कांडी से विजय सोनी आदि के नेतृत्व में प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से मांग पत्र भेजा गया.
टिप्पणियाँ