प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित गढ़वा।उपायुक्त गढ़वा दिनेश यादव ने आज समाहरणालय स्थित सभागार...
प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित
गढ़वा।उपायुक्त गढ़वा दिनेश यादव ने आज समाहरणालय स्थित सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से उपायुक्त द्वारा समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।उक्त जनसुनवाई में सर्वप्रथम मेराल प्रखंड के ग्राम भंडार निवासी शीला देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए अपने रैयती भूमि पर दबंगों द्वारा बाजबरदस्ती पीसीसी रोड निर्माण करने की शिकायत की है। आवेदक शीला देवी ने बताया कि उनके गांव के ही कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा उनके रैयती भूमि पर उनके निर्माणाधीन संरचना को ध्वस्त करते हुए एवं हिंसक मार्ग अपनाते हुए रास्ते का निर्माण बाजबरदस्ती कर दिया गया है तथा विरोध करने पर जान माल की क्षति हेतु धमकी दी जाती है। उन्होंने बताया कि उक्त मामले की जानकारी संबंधित थाना में भी दी गई है परंतु किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई है। अतः उन्होंने उक्त मामले की जांच कराते हुए समुचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। मेराल प्रखंड के मकुना निवासी आमना बीबी ने आवेदन समर्पित करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दुर्घटना उपरांत मुआवजा राशि भुगतान नहीं होने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि भवनाथपुर प्रखंड के ग्राम सिंदुरिया निवासी सत्यनारायण गुप्ता के विरुद्ध वाहन दुर्घटना के तहत वाद दायर किया गया था जिसमें न्यायालय द्वारा अभियुक्त सत्यनारायण गुप्ता ट्रक मालिक/ डम्पर/ट्रक रजि सं० JH14B1557 के मालिक से 3,64,500/- (तीन लाख चौसठ हजार पाँच सौ रुपया) बैंक ब्याज सहित देने का आदेश पारित किया गया है। परंतु आदेश पारित होने के बावजूद भी उन्हें मुआवजा की राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। अतः उन्होंने न्यायालय के द्वारा पारित आदेश का अनुपालन कराते हुए मुआवजा राशि भुगतान करने का अनुरोध किया है। धुरकी प्रखंड निवासी नीलम देवी ने सहिया चयन में अनियमितता बरतने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि सहिया चयन की प्रक्रिया विधिवत ग्राम सभा आयोजित कर की जाती है। परंतु धुरकी प्रखंड के कोरवाटोली वार्ड नंबर 7 में सहिया का चयन बिना ग्राम सभा आयोजित कराए कुछ विशेष लोगों के द्वारा ही कर दिया गया है। अतः उन्होंने सहिया का चयन पुन: ग्राम सभा करते हुए वरीयता के अनुसार कराने का अनुरोध किया है। मेराल प्रखंड के पतरिया निवासी देवी देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए साइबर धोखाधड़ी की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी के जाल में फसकर उनके खाता संख्या 369901502021 से लगभग 159087 रुपए की धोखाधड़ी कर साइबर अपराधी द्वारा राशि काट लिए गए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित थाना एवं बैंक मैं आवेदन समर्पित किया है परंतु अभी तक कार्रवाई नहीं हो सकी है। अतः उन्होंने साइबर ठगों द्वारा की गई धोखाधड़ी की जांच कराते हुए राशि वापस कराने का आग्रह किया है।इसी प्रकार बारी-बारी से लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री यादव द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
**************************************
डीआईजी ने बंशीधर नगर में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, थाना प्रभारियों के साथ की समीक्षा
गढ़वा। पलामू क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल आज गढ़वा जिले के बंशीधर नगर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय का निरीक्षण किया तथा विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों, लंबित मामलों और पुलिसिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।डीआईजी ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा हमसबों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधि व्यवस्था संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीआईजी ने क्षेत्र के विभिन्न थाना के प्रभारियों के साथ विधि-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने तथा जनविश्वास को मजबूत करने पर भी बल दिया।डीआईजी ने बंशीधर नगर न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालय परिसर में सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा आने-जाने वाले लोगों की निगरानी को सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान डीआईजी के साथ पुलिस अधीक्षक अमन कुमार भी थे। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह सहित क्षेत्र के इंस्पेक्टर एवं विभिन्न थानों के थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।




टिप्पणियाँ