गढ़वा। जिले के रमना प्रखंड मुख्यालय में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और आम जनता के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से रमना हेल्थ केयर सेंटर का उद्घ...
गढ़वा। जिले के रमना प्रखंड मुख्यालय में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और आम जनता के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से रमना हेल्थ केयर सेंटर का उद्घाटन भव्य आयोजन के साथ किया गया। नवनिर्मित दुलारी कॉम्प्लेक्स में स्थापित इस हेल्थ सेंटर का उद्घाटन झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक अनंत प्रताप देव, जिला परिषद अध्यक्षा शांति देवी, प्रमुख करुणा सोनी, बिसुनपुरा प्रमुख दीपा कुमारी, रमना मुखिया दुलारी देवी, और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में हुआ।
विधायक अनंत प्रताप देव और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर हेल्थ सेंटर का उद्घाटन किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया और फूल मालाओं से उनका सम्मान किया गया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि रमना जैसे क्षेत्र में कुशल चिकित्सकों की कमी के कारण लोगों को गढ़वा और डालटनगंज जैसे दूरस्थ स्थानों पर इलाज के लिए जाना पड़ता था। लेकिन अब इस हेल्थ सेंटर के शुरू होने से यह समस्या दूर हो जाएगी।उन्होंने कहा कि इस हेल्थ सेंटर में डिजिटल एक्स-रे मशीन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो शायद इस क्षेत्र में पहली बार लाई गई हैं। विधायक ने नगर में वर्षों से बंद पड़े ट्रामा सेंटर का जिक्र करते हुए कहा कि इस ट्रामा सेंटर को शीघ्र चालू करने के लिए मैं हरसंभव प्रयास करूंगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गंभीर दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को समय पर उपचार मिल सके और किसी की भी जान इलाज के अभाव में न जाए। उन्होंने हेल्थ सेंटर के संचालक से यह अपील की कि गरीब और जरूरतमंद लोगों का इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। "यदि यह हेल्थ सेंटर गरीबों की सेवा करेगा, तो यह बुलंदियों को छुएगा। जिला परिषद अध्यक्षा शांति देवी ने कहा कि इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी हमेशा से एक बड़ी समस्या रही है। रमना हेल्थ केयर सेंटर के शुरू होने से अब लोगों को गढ़वा और डालटनगंज जाने की जरूरत नहीं होगी। यह हेल्थ सेंटर न केवल स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान करेगा, बल्कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर साबित होगा। मौके पर प्रमुख करुणा सोनी, बिसुनपुरा प्रमुख दीपा कुमारी, और रमना मुखिया दुलारी देवी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। हेल्थ सेंटर के संचालक शेखर सिंह ने बताया कि इस हेल्थ सेंटर में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध होगी, जिसमें स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ब्यूटी सिंह,एमबीबीएस,एमडी डॉ. विजय प्रताप सिंह,डॉ. पी. कश्मूर: जनरल फिजिशियन डॉ. नितेश भारती, डॉ. दिनेश कुमार आदि चिकित्सकों ने अपनी सेवाओं को लेकर स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि यहां हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि अब ईलाज के लिए लोगों को गढ़वा या डालटनगंज जाने की जरूरत नहीं होगी। तथा गरीब और जरूरतमंद मरीजों का इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस हेल्थ सेंटर के उद्घाटन से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि बताया। लोगों का मानना है कि इस सेंटर के माध्यम से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि गरीब और जरूरतमंदों को भी इसका लाभ मिलेगा।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का वादा करते हुए किया गया। संचालक शेखर सिंह ने इस अवसर पर सभी का आभार प्रकट किया और कहा कि यह हेल्थ सेंटर क्षेत्र के लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहेगा।कार्यक्रम में स्थानीय नेताओं और समाजसेवियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें युवा नेता रोहित वर्मा, मुन्ना गुप्ता उर्फ मुन्ना भाई, असरफी चंद्रवंशी, मुन्ना पासवान, दिलीप ठाकुर, राकेश सिंह, नागिन सिंह, और प्रदीप सिंह सहित अन्य प्रमुख व्यक्ति शामिल थे।
टिप्पणियाँ