गढ़वा, 15 अगस्त। ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में ...
गढ़वा, 15 अगस्त। ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा (सहेलियां) की ओर से भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जायंट्स ग्रुप की अध्यक्ष रीमा स्वरूप द्वारा तिरंगा फहराकर एवं राष्ट्रध्वज को सलामी देकर की गई। इसके बाद उपस्थित सभी सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।समारोह में जायंट्स ग्रुप की सदस्य एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष पिंकी केशरी विशेष रूप से मौजूद रहीं। उनके साथ रश्मि कमलापुरी, सीमा केशरी, रंजना जायसवाल, ऋतु जायसवाल, पल्लवी पुंज, रीता केशरी, माला केशरी, रीना सोनी, प्रीति सोनी, रीना केशरी, विमला केशरी, गुड़िया केशरी, संगीता गुप्ता, मंजू गुप्ता, अनसुइया केशरी, वर्षा अग्रवाल, संध्या केशरी, वंदना सोनी, सुषमा केशरी, अंजू केशरी, प्रियंका केशरी सहित अन्य सहेलियां उपस्थित रहीं।इस अवसर पर अध्यक्ष रीमा स्वरूप एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष पिंकी केशरी ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि आजादी का पर्व हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। उन्होंने समाज और राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाकर देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।उन्होंने कहा कि जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा (सहेलियां) सामाजिक सेवा, शिक्षा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सेवा पहुंचाने के साथ-साथ लोगों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना को मजबूत करना है।
समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में उत्साह और देशभक्ति की भावना भर दी तथा पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया। साथ ही देश की एकता, अखंडता, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ समारोह का समापन हुआ।
टिप्पणियाँ