गढ़वा। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित परमेश्वरी मेडिकल स...
गढ़वा। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित परमेश्वरी मेडिकल सेंटर में अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (OT) का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. जॉन एफ. कैनेडी (सिविल सर्जन, गढ़वा) ने वरिष्ठ चिकित्सक एवं सेंटर के संचालक डॉ. जे.पी. सिंह, लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. कुमार निशांत सिंह तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीतू सिंह के साथ नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर इस आधुनिक ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने इस पहल को गढ़वा की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी ने कहा कि मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर आधुनिक चिकित्सा तकनीक का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस प्रकार के एडवांस ऑपरेशन थिएटर में मरीजों की सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण और सफल सर्जरी की संभावनाएं अधिक होती हैं। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से अब गढ़वा के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि परमेश्वरी मेडिकल सेंटर भविष्य में भी जिले की जनता को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता रहेगा।इस अवसर पर लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. कुमार निशांत सिंह ने मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की विशेषताओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसका निर्माण मरीजों की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सर्जिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थिएटर में लगाए गए सभी पैनल एंटी-बैक्टीरियल हैं, जिससे संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाता है। आधुनिक एयर फिल्ट्रेशन सिस्टम, एडवांस ऑपरेशन लाइट्स, हाई-रिजॉल्यूशन मॉनिटर, कैमरा आधारित लेप्रोस्कोपिक सिस्टम, नई पीढ़ी की एनेस्थीसिया मशीन, कार्डियक मॉनिटर, मल्टी-फंक्शन ऑपरेशन टेबल तथा डिजिटल कंट्रोल सिस्टम इसे अत्याधुनिक बनाते हैं।उन्होंने बताया कि ऑपरेशन थिएटर के भीतर ही सी-आर्म जैसे आधुनिक उपकरणों की सहायता से जटिल सर्जरी करना संभव होगा। साथ ही डिस्प्ले सिस्टम के माध्यम से ऑपरेशन में उपयोग होने वाले सभी उपकरणों की जानकारी पहले से उपलब्ध रहेगी, जिससे नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सकों की तैयारी अधिक प्रभावी होगी। एकीकृत कंट्रोल पैनल के माध्यम से ओटी की लाइटिंग, तापमान, आर्द्रता (ह्यूमिडिटी), ऑपरेशन का समय और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को एक ही स्थान से नियंत्रित किया जा सकेगा।डॉ. कुमार निशांत सिंह ने कहा कि जिस प्रकार की आधुनिक ऑपरेशन थिएटर सुविधा रांची और दिल्ली के बड़े अस्पतालों में उपलब्ध है, वही सुविधा अब गढ़वा में भी मरीजों को मिलेगी। उन्होंने कहा कि कई वर्षों पहले जिस आधुनिक ओटी की कल्पना की गई थी, वह आज साकार हो गई है और इसका सीधा लाभ जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगा।वही परमेश्वरी मेडिकल सेंटर के संचालक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जे.पी. सिंह ने कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहा है कि गढ़वा के लोगों को महानगरों जैसी चिकित्सा सुविधाएं अपने जिले में ही उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर केवल एक नई तकनीक नहीं, बल्कि सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद इलाज की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सुविधा से मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा और उन्हें छोटी-बड़ी सर्जरी के लिए अनावश्यक रूप से दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।वही स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नीतू सिंह ने कहा कि महिलाओं और नवजात शिशुओं के सुरक्षित उपचार में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि संक्रमण नियंत्रण, आधुनिक उपकरणों और बेहतर तकनीकी व्यवस्था के कारण जटिल स्त्री रोग एवं प्रसूति संबंधी ऑपरेशन अब पहले से अधिक सुरक्षित और प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि परमेश्वरी मेडिकल सेंटर का उद्देश्य हर मरीज को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम में डॉ. शुभ्रा, डीपीएम गौरव कुमार, डीडीएम सुजीत कुमार सहित परमेश्वरी मेडिकल सेंटर के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान सभी ने इस आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गढ़वा जिले की चिकित्सा व्यवस्था के लिए एक नई उपलब्धि बताया।
टिप्पणियाँ