गढ़वा: झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के दो दिवसीय गढ़वा दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को समिति के अध्यक्ष सुरेश ...
गढ़वा: झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के दो दिवसीय गढ़वा दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को समिति के अध्यक्ष सुरेश पासवान, विश्रामपुर विधायक नरेश सिंह,खूंटी विधायक , गढ़वा की उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मयंक भूषण सहित समिति के सदस्यों एवं वीर बाबा चौहरमल समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से वीर बाबा चौहरमल तथा भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम की शुरुआत में चौहरमल समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों का फूल-माला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। माल्यार्पण के उपरांत समिति की ओर से अध्यक्ष सुरेश पासवान को वीर बाबा चौहरमल का चित्र एवं पारंपरिक तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। बाद में चौहरमल समिति के अध्यक्ष चंदन पासवान के आवास पर भी अतिथियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां अध्यक्ष सुरेश पासवान, विधायक नरेश सिंह,खूंटी विधायक , डीडीसी प्रेमलता मुर्मू एवं एसडीओ मयंक भूषण को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।मौके पर समिति के अध्यक्ष सुरेश पासवान ने कहा कि वीर बाबा चौहरमल सामाजिक न्याय, समानता और संघर्ष के प्रतीक हैं। उनके आदर्श समाज को नई दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार आज भी देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता की आधारशिला हैं तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समावेशी विकास का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।वही विधायक नरेश सिंह ने कहा कि झारखंड विधानसभा के निर्देश पर समिति राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रही है। गढ़वा में समीक्षा बैठक के बाद समिति अब चतरा जिले के लिए रवाना हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक जिले में विकास कार्यों को गति देना और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।चौहरमल समिति के अध्यक्ष चंदन पासवान ने कहा कि गढ़वा आगमन पर विधानसभा समिति का स्वागत करना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक एकता और विकास के संकल्प को और मजबूत किया जाएगा।इस अवसर पर डीडीसी प्रेमलता मुर्मू एवं एसडीओ मयंक भूषण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और समिति के सदस्यों के साथ श्रद्धासुमन अर्पित कर सामाजिक समरसता एवं विकास के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।इस मौके पर वीर चौहरमल समिति के साथ साथ समाज के लोगों में चंदन पासवान, रामजी पासवान ,सुनील पासवान , कमलेश पासवान, मिथलेश पासवान, विमलेश पासवान,परवीन पासवान, दिलीप पासवान ,रितेश पासवान आदि सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ