गढ़वा: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माय भारत कार्यक्रम के तहत मंगलवार को समाहरणालय सभागार में ...
गढ़वा: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माय भारत कार्यक्रम के तहत मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने, युवाओं के लिए संचालित कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में माय भारत पोर्टल के माध्यम से संचालित नेतृत्व निर्माण, अनुभवात्मक शिक्षण, राष्ट्रीय कार्यक्रमों सहित विभिन्न युवा गतिविधियों की जानकारी दी गई। जिला युवा अधिकारी पामिर सिंह ने बताया कि जिले में अब तक लगभग 11 हजार युवा माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करा चुके हैं। वहीं, 15 अगस्त तक चलाए जा रहे विशेष पंजीकरण अभियान के तहत 66 हजार युवाओं को पोर्टल से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने शिक्षा, समाज कल्याण, नियोजन, आईटीआई, खेल, एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट एवं गाइड सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिकाधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रखंड, विद्यालय एवं महाविद्यालय तक माय भारत पोर्टल की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि पात्र युवाओं को विभिन्न युवा गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ा जा सके।बैठक में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर भी विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि युवाओं के साथ-साथ आम लोगों को भी इस अभियान से जोड़ते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
उपायुक्त बोले – माय भारत युवाओं के लिए राष्ट्र निर्माण का सशक्त मंच
उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि, “माय भारत युवाओं के लिए केवल एक डिजिटल मंच नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का एक सशक्त अवसर है।” उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को सामाजिक सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने पर बल दिया तथा जिला प्रशासन की ओर से माय भारत कार्यक्रम को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।बैठक में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी सहित जिला स्तरीय समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ