"टीमवर्क और सेवा भावना से बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन संभव" – डॉ असजद अंसारी रंका (गढ़वा)। सामुदायिक...
"टीमवर्क और सेवा भावना से बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन संभव" – डॉ असजद अंसारी रंका (गढ़वा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), रंका में बुधवार को उपायुक्त द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, संस्थागत अनुशासन तथा अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का गहन मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण की शुरुआत प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के कक्ष से हुई, जहां उपायुक्त ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अस्पताल के विभिन्न विभागों, ओपीडी परिसर एवं स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लिया। अस्पताल परिसर की उत्कृष्ट साफ-सफाई, सुव्यवस्थित कार्यसंस्कृति तथा सभी स्वास्थ्यकर्मियों की निर्धारित यूनिफॉर्म में उपस्थिति को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और पूरी टीम की सराहना की।इसके बाद उपायुक्त स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में शामिल हुए, जहां चिनिया प्रखंड के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की जांच की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से उन्होंने निर्देश दिया कि अगली समीक्षा बैठक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चिनिया में आयोजित की जाए, ताकि स्थानीय स्वास्थ्य चुनौतियों का समाधान जमीनी स्तर पर किया जा सके।मौके पर उपायुक्त ने कहा कि सुदूरवर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को आश्वस्त करते हुए कहा कि अस्पताल के विकास एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए जिस भी संसाधन या सहयोग की आवश्यकता होगी, जिला प्रशासन हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा। उन्होंने सीएचसी रंका की बेहतर कार्यप्रणाली, अनुशासन और रखरखाव की विशेष प्रशंसा की।वही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि अस्पताल की पूरी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य टीम मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त द्वारा की गई सराहना स्वास्थ्यकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा भविष्य में भी सेवा गुणवत्ता, स्वच्छता एवं संस्थागत अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अस्पताल की व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए। जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य संस्थान की कार्यशैली, स्वच्छता और सेवा प्रबंधन की सराहना सीएचसी रंका के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, जो स्वास्थ्यकर्मियों की सामूहिक निष्ठा एवं समर्पण का प्रतिफल है।
टिप्पणियाँ