गढ़वा। जिले की जीवनरेखा मानी जाने वाली दानरो नदी को प्रदूषण से बचाने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने को लेकर उपायुक्त पशुपतिनाथ म...
गढ़वा। जिले की जीवनरेखा मानी जाने वाली दानरो नदी को प्रदूषण से बचाने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने को लेकर उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने सख्त प्रशासनिक रुख अपनाया है। हाल ही में किए गए निरीक्षण के दौरान दानरो नदी के किनारे बड़े पैमाने पर नगर परिषद द्वारा कूड़ा-कचरा डंप किए जाने की स्थिति सामने आने पर उपायुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पाया कि दानरो नदी पुल से छठ घाट बाईपास सरस्वतिया नदी संगम क्षेत्र के समीप स्थित मुक्ति धाम के पास शहर का अधिकांश कचरा खुले रूप में नदी किनारे डंप किया जा रहा है। इस स्थिति को उन्होंने अत्यंत गंभीर, खेदजनक एवं पर्यावरणीय मानकों का खुला उल्लंघन बताया।
उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के बावजूद नदी और जलस्रोतों में कचरा फेंकना न केवल गैर-जिम्मेदाराना कार्य है, बल्कि यह आम जनता, पशु-पक्षियों तथा आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा कि नदियों को प्रदूषित करने की किसी भी प्रकार की लापरवाही को प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा। उपायुक्त श्री मिश्रा ने नगर परिषद गढ़वा के कार्यपालक पदाधिकारी को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि शहर से निकलने वाले ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक एवं नियमानुसार निस्तारण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन डंपिंग यार्ड का उपयोग कर कचरे का सुरक्षित निपटान सुनिश्चित किया जाए तथा आधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाया जाए।उपायुक्त ने कहा कि नदियां केवल जलधारा नहीं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन, भूजल संरक्षण और जनजीवन की आधारशिला हैं। उनकी स्वच्छता और संरक्षण प्रत्येक नागरिक तथा संबंधित विभागों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी लापरवाही पर प्रशासन गंभीरता से कार्रवाई करेगा।निरीक्षण के बाद प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि नदी संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर आगे भी नियमित निगरानी जारी रहेगी तथा पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ