गढ़वा। जिले के मरीजों को उच्च स्तरीय न्यूरोलॉजिकल चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची से आए प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्...
गढ़वा। जिले के मरीजों को उच्च स्तरीय न्यूरोलॉजिकल चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची से आए प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. ओमप्रकाश कुंवर ने रविवार को गढ़वा के मेन रोड स्थित आरोग्य फार्मेसी में विशेष परामर्श शिविर के दौरान 35 मरीजों का चिकित्सीय परीक्षण एवं परामर्श दिए। इस दौरान मस्तिष्क, नस, रीढ़ की हड्डी तथा तंत्रिका तंत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं से पीड़ित मरीजों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां साझा कीं, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकीय मूल्यांकन कर आवश्यक सलाह एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
परामर्श शिविर में सिरदर्द, माइग्रेन, चक्कर आना, हाथ-पैरों में झनझनाहट, लकवा, मिर्गी, न्यूरोपैथी, स्मृति कमजोर होना, सर्वाइकल एवं स्पाइनल समस्याओं सहित कई जटिल न्यूरोलॉजिकल रोगों से संबंधित मरीज पहुंचे। विशेषज्ञ डॉ. कुंवर ने मरीजों की विस्तृत मेडिकल हिस्ट्री, लक्षणों एवं पूर्व उपचारों का अध्ययन करते हुए उन्हें आवश्यक जांच, दवाओं और जीवनशैली में सुधार संबंधी सुझाव दिए।मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सक से सीधे परामर्श प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया तथा कहा कि जिले में इस प्रकार की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिलने से उन्हें बड़े शहरों का चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हो रही है।इस अवसर पर न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. ओमप्रकाश कुंवर ने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, अनियमित जीवनशैली, उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं अन्य स्वास्थ्य कारणों से न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बार-बार सिरदर्द, चक्कर, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी, बोलने में कठिनाई, स्मृति संबंधी समस्या या हाथ-पैरों में असामान्य संवेदनाएं महसूस हों तो तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। समय पर पहचान और उपचार से गंभीर जटिलताओं एवं स्थायी विकलांगता के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।वही आरोग्य फार्मेसी के प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि गढ़वा एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श शिविर आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. ओमप्रकाश कुंवर के आगमन से जिले के अनेक मरीजों को लाभ मिला और कुल 35 मरीजों ने विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि आरोग्य फार्मेसी का प्रयास है कि जिले के लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हों, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।
टिप्पणियाँ