गढ़वा। जिले के दवा व्यवसायियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री, नकली दवाओं के बढ़ते कारोबार तथा बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों की कथित मनमानी नीतिय...
गढ़वा। जिले के दवा व्यवसायियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री, नकली दवाओं के बढ़ते कारोबार तथा बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों की कथित मनमानी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। बुधवार को गढ़वा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रेस वार्ता के आलोक में अब जिले के सभी दवा दुकानदार चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन में जुट गए हैं।एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) एवं झारखंड केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (JCDA) के संयुक्त निर्देशानुसार आगामी 20 मई को जिले की सभी दवा दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेंगी।पदाधिकारियों ने कहा कि यह देशव्यापी हड़ताल दवा व्यवसाय को बचाने और आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के उद्देश्य से की जा रही है। उनका कहना था कि ऑनलाइन दवा बिक्री के बढ़ते चलन से छोटे दवा दुकानदारों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। वहीं बाजार में नकली दवाओं का कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आम लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि बड़ी कॉरपोरेट कंपनियां भारी छूट देकर बाजार पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रही हैं, जिससे पारंपरिक दवा व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। ऐसे में देशभर के दवा व्यवसायियों ने एकजुट होकर आंदोलन करने का निर्णय लिया है।इसी क्रम में 15 मई से 19 मई तक जिले के दवा दुकानदार एवं दवा एजेंसी संचालक काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। शुक्रवार से ही जिले के विभिन्न दवा दुकानों एवं एजेंसियों के प्रोपराइटर काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए।दवा व्यवसायियों ने एक स्वर में कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि दवा व्यवसाय की सुरक्षा एवं उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 20 मई को जिले की सभी दवा दुकानें पूरी तरह बंद रखी जाएंगी और इस बंदी को सफल बनाने के लिए सभी व्यवसायी एकजुट हैं।एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आवश्यक दवाओं की खरीदारी लोग पूर्व में ही कर लें, ताकि बंदी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ