गढ़वा। स्थानीय जीएन कॉन्वेंट (10+2) स्कूल में भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया ग...
गढ़वा। स्थानीय जीएन कॉन्वेंट (10+2) स्कूल में भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जनगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान क्विज, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित कर विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि और जागरूकता उत्पन्न की गई। साथ ही सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अपने अभिभावकों और समाज के लोगों को भी जनगणना के प्रति जागरूक करने हेतु शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की जनगणना 2027 देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी, जो अप्रैल 2026 से फरवरी 2027 तक दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना में “स्व-पहचान” की व्यवस्था भी लागू की गई है तथा पहली बार व्यापक जाति जनगणना को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते और विकसित होते भारत के लिए जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके माध्यम से सरकार को जनसंख्या, शिक्षा, साक्षरता, आवास, शहरीकरण, प्रजनन दर, प्रवासन एवं सामाजिक-आर्थिक स्थिति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होती हैं, जिनके आधार पर भविष्य की नीतियां और योजनाएं तैयार की जाती हैं।
निदेशक ने जनगणना प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना कर्मी घर-घर जाकर परिवार एवं आवास संबंधी विवरण एकत्रित करेंगे। इस दौरान पीने के पानी की उपलब्धता, स्वच्छता, डिजिटल कनेक्टिविटी सहित लगभग 33 महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे जाएंगे। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि वे जनगणना कर्मियों का सत्यनिष्ठा एवं पूर्ण सहयोग के साथ समर्थन करें, ताकि सही आंकड़ों के आधार पर देश की विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 के आंकड़े सरकार और निजी क्षेत्रों को आर्थिक एवं सामाजिक योजनाओं के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे। साथ ही सामाजिक एवं सांस्कृतिक सद्भाव बनाए रखने के लिए संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप कार्य करना भी आवश्यक है।पूरे कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन नोडल इंचार्ज कृष्ण कुमार द्वारा किया गया। विद्यार्थियों के बीच उत्साह बनाए रखने के लिए निबंध, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
निबंध प्रतियोगिता में नवम वर्ग के सौरभ कुमार ने प्रथम, अष्टम वर्ग की आयुषी कुमारी ने द्वितीय तथा नवम वर्ग के सागर एवं अष्टम वर्ग की आराध्या कुमारी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।भाषण प्रतियोगिता में दशम वर्ग के भास्कर तिवारी प्रथम, प्रतीक तिवारी द्वितीय तथा वैभव मेहता तृतीय स्थान पर रहे।
वहीं क्विज प्रतियोगिता में आजाद हाउस की रूपांजली की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका नीरा शर्मा, संतोष प्रसाद, वीरेंद्र प्रसाद, दिनेश कुमार, चंदा श्रीवास्तव, सुनीता कुमारी, पूजा प्रकाश एवं वर्षा कुमारी सहित विद्यालय परिवार की भूमिका सराहनीय रही।
टिप्पणियाँ