गढ़वा। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर गढ़वा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। भंडरिया थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का त्वरित उ...
गढ़वा। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर गढ़वा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। भंडरिया थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का त्वरित उद्भेदन करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, वहीं धुरकी थाना क्षेत्र में पशु तस्करी से जुड़े मामले में एक कुख्यात आरोपी ने पुलिस दबाव में आत्मसमर्पण किया है।जानकारी के अनुसार 07 फरवरी को भंडरिया थाना अंतर्गत अजगरवापत्थर जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी भंडरिया पु0नि0 सुभाष कुमार पासवान द्वारा मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। शव की पहचान बीरेंद्र कोरवा, पिता कैलाश कोरवा के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गढ़वा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंका के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।पुलिस टीम ने अनुसंधान के दौरान मिले साक्ष्यों और सूचना तंत्र के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल चार अभियुक्त सुरेश भुइयां, अजय भुइयां, राजनाथ भुइयां एवं सीताराम भुइयां को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश को लेकर पूर्व नियोजित साजिश के तहत उन्होंने मृतक की गला दबाकर हत्या की और शव को अजगरवापत्थर जंगल में छिपा दिया। अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। इस संबंध में भंडरिया थाना कांड संख्या 12/26 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।वहीं दूसरी ओर 02 फरवरी की रात्रि को धुरकी थाना क्षेत्र में पशु तस्करों द्वारा हथियार के बल पर पशुओं से लदे वाहन को छुड़ाने और हथियार लहराने की घटना सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी धुरकी पु0अ0नि0 जनार्दन राउत के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। लगातार दबाव बढ़ने पर आरोपी खुस्तर अंसारी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, श्री बंशीधर नगर के कार्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया और एक प्लास्टिक का पिस्टल सौंपा।अग्रिम पूछताछ में खुस्तर अंसारी ने घटनास्थल के पास एक देशी पिस्टल छिपाकर रखने की बात स्वीकार की, जिसे उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया गया। इस मामले में धुरकी थाना कांड संख्या 09/26 एवं 10/26 के तहत कार्रवाई की गई है। उल्लेखनीय है कि आत्मसमर्पित आरोपी खुस्तर अंसारी का पूर्व से लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें धुरकी, नगर ऊंटारी, रमना एवं रजरप्पा थाना के कई गंभीर मामले दर्ज हैं।पुलिस की इस सख्त और त्वरित कार्रवाई से जिले में अपराधियों के बीच हड़कंप है, वहीं आम लोगों में कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ