गढ़वा। रोटरी के बहुदिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन की शुरुआत प्रेसिडेंट इलेक्ट ललित त्रिपाठी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने दूसरे...
गढ़वा। रोटरी के बहुदिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन की शुरुआत प्रेसिडेंट इलेक्ट ललित त्रिपाठी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने दूसरे दिन के सत्र की समीक्षा करते हुए रोटरी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की प्रगति और भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि रोटरी का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाना है और इस दिशा में संगठन निरंतर सक्रिय है।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि रांची को भारत का पहला फैटी लिवर मुक्त शहर बनाने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। इसी अभियान के तहत फैटी लिवर की जांच और जन-जागरूकता के लिए छह करोड़ रुपये की लागत से चार अत्याधुनिक मोबाइल वैन रोटरी को शीघ्र प्रदान की जाएंगी। ये मोबाइल वैन रांची शहर के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की स्क्रीनिंग करेंगी। उन्होंने कहा कि बीमारी से लड़ने का सबसे प्रभावी तरीका उसकी समय पर पहचान है और यह अभियान इलाज के साथ-साथ जागरूकता पर भी केंद्रित है, जिसमें रोटरी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।मंत्री श्री सेठ ने रोटरी के सेवा कार्यों की जमकर सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में रोटरी का योगदान प्रेरणादायी और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि रोटरी केवल सेवा नहीं करती, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रखती है। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने घोषणा की कि रोटरी के माध्यम से तीन करोड़ रुपये की सिलाई मशीनें अगले माह महिला स्वयं सहायता समूहों को दी जाएंगी, जिससे हजारों महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सकेगा और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी।कार्यक्रम के तीसरे दिन काउंसिल ऑफ लेजिस्लेशन चुनाव भी संपन्न हुए, जिसमें सत्र 2026–29 के लिए पीडीजी जोगेश गंभीर और सत्र 2028–29 के लिए गवर्नर डॉ. अजय कुमार निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया इलेक्शन ऑब्जर्वर पीडीजी दीपक कुमार, चेयरमैन पीडीजी राकेश प्रसाद, पीडीजी शिवप्रकाश बागड़िया और बैलेटिंग कमेटी चेयरमैन पीडीजी डॉ. बिंदु सिंह की देखरेख में संपन्न हुई। पूरे चुनाव का संचालन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नम्रता के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शाहिद पॉल और अजय छाबड़ा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर गढ़वा जिले से आनंद प्रकाश दुबे, श्याम सुंदर प्रसाद, महिमा गुप्ता, दिवाकर सिन्हा, मनीष कुमार, राजेश बाबू सर्राफ, सीमा केशरी, कमल चौबे, रवि शंकर पाण्डेय, अजय केशरी और रमण केशरी सहित बड़ी संख्या में रोटरी सदस्य, पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समापन सत्र में सेवा, स्वास्थ्य और समाज परिवर्तन का स्पष्ट संदेश उभरकर सामने आया।गढ़वा जिले की खबरों के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।





टिप्पणियाँ