गढ़वा। दुर्गा पूजा के पावन अवसर की तैयारियों के बीच मंगलवार को चिनिया रोड स्थित मां दुर्गा पूजा समिति के प्रांगण में श्रद्धा, से...
गढ़वा। दुर्गा पूजा के पावन अवसर की तैयारियों के बीच मंगलवार को चिनिया रोड स्थित मां दुर्गा पूजा समिति के प्रांगण में श्रद्धा, सेवा और संकल्प का सुंदर संगम देखने को मिला। नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी स्वयं मंदिर परिसर पहुंचे और मंदिर निर्माण कार्य के लिए टाइल्स का दान किया।समिति के अध्यक्ष मिथिलेश देव एवं सचिव अमित कश्यप ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व मंदिर निर्माण कार्य के समय दौलत सोनी ने संकल्प लिया था कि मंदिर के अंदर पूरे चबूतरे में लगने वाले टाइल्स का दान वे स्वयं करेंगे। नगर परिषद अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने अपने उस संकल्प को याद रखते हुए मंगलवार को स्वयं मंदिर परिसर पहुंचकर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की मौजूदगी में टाइल्स प्रदान किया।नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा किए गए इस सहयोग से समिति के सदस्यों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि यह उनके लिए बेहद हर्ष का विषय है कि दो वर्ष पूर्व किया गया संकल्प आज साकार हुआ। उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष के प्रति हृदय से आभार जताते हुए कहा कि मंदिर निर्माण जैसे पवित्र कार्य में उनका सहयोग निश्चित रूप से सराहनीय है।इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी ने भी स्वयं को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि करीब दो वर्ष पूर्व उन्होंने मंदिर निर्माण में टाइल्स की आवश्यकता पड़ने पर सहयोग करने का संकल्प लिया था। आज दुर्गा पूजा से पूर्व मां दुर्गा के मंदिर निर्माण कार्य में टाइल्स अर्पित करने का अवसर मिला, जिसे वे अपना सौभाग्य मानते हैं। उन्होंने समिति के सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मंदिर निर्माण से जुड़े किसी भी कार्य में भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर वे अध्यक्ष के रूप में हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।समिति के सचिव अमित कश्यप ने बताया कि दुर्गा पूजा से पूर्व यहां भव्य, सुंदर एवं आकर्षक दुर्गा मंडप का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि शहर के गणमान्य एवं प्रतिष्ठित व्यवसायियों के साथ-साथ समाजसेवियों के सहयोग से मंदिर निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। सभी के सहयोग और श्रद्धा से इस बार दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को भव्य मंदिर एवं आकर्षक दुर्गा मंडप का दर्शन करने का अवसर मिलेगा।इस खास मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी के मंदिर परिसर पहुंचकर टाइल्स दान करने पर समिति के अध्यक्ष मिथिलेश देव, सचिव अमित कश्यप, अरुण जायसवाल, मनोज गुप्ता, निरंजन गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए आभार प्रकट किया। इस दौरान राहुल मोदनवाल एवं लकी मद्धेशिया भी उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ