गढ़वा। सामाजिक सेवा और जनस्वास्थ्य के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता निभाते हुए जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा ने हर माह आयोजित होने वाले...
गढ़वा। सामाजिक सेवा और जनस्वास्थ्य के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता निभाते हुए जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा ने हर माह आयोजित होने वाले निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की श्रृंखला में इस माह के तीसरे रविवार (19 जुलाई) को बायपास रोड स्थित जी एन कॉन्वेंट स्कूल के समीप समाजसेवी अमित केशरी के प्रशाल भवन में निःशुल्क हृदय जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया। शिविर में प्रसिद्ध हार्ट सर्जन डॉ. विकास कुमार केसरी ने हृदय रोग से संबंधित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया।शिविर का संचालन एवं समापन जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता की देखरेख में हुआ। शिविर में कुल 25 मरीजों की निःशुल्क हृदय जांच की गई। जांच के दौरान कई गंभीर मामलों की पहचान हुई, जिन्हें समय पर उपचार और ऑपरेशन की आवश्यकता बताई गई।
डॉ. विकास केसरी ने बताया कि जांच के दौरान चार माह के एक जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित शिशु का मामला सामने आया, जिसे दो से तीन चरणों में ऑपरेशन की आवश्यकता होगी। वहीं 20 वर्षीय एक युवती, जिसका पहले एक हृदय ऑपरेशन हो चुका है, उसे दूसरे ऑपरेशन की जरूरत बताई गई। इसके अलावा तीन मरीजों में हार्ट ब्लॉकेज पाया गया, जिनके लिए बाईपास सर्जरी आवश्यक है, जबकि दो अन्य मरीजों में हृदय रोग के शुरुआती लक्षण मिले, जिनका आगे विस्तृत इलाज कराया जाएगा।डॉ. केसरी ने बताया कि नई दिल्ली स्थित नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट में आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाता है। वही जिनके पास आयुष्मान कार्ड नहीं है और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को पद्मावती फाउंडेशन के माध्यम से ओपन हार्ट सर्जरी के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि वे सरकारी अस्पतालों में भी ऑपरेशन कराने के लिए स्वतंत्र हैं।उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों से अपने पिता की प्रेरणा एवं जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा के सहयोग से वे नियमित रूप से गढ़वा में हृदय जांच शिविर आयोजित कर रहे हैं। अब तक वे 1000 से अधिक मरीजों की जांच कर चुके हैं तथा 150 से 200 मरीजों की सफल ओपन हार्ट सर्जरी कर चुके हैं। समाज सेवा का उद्देश्य लोगों को समय पर सही इलाज उपलब्ध कराना है"-अध्यक्ष अशोक गुप्ता
जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि संस्था प्रत्येक माह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर समाज के जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा पहुंचाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और सही परामर्श से गंभीर बीमारियों का सफल उपचार संभव है। आगे भी इस तरह के जनहितकारी शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।वही हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ. विकास कुमार केसरी ने कहा कि अधिकांश मरीज जागरूकता के अभाव में सही समय पर विशेषज्ञ के पास नहीं पहुंच पाते, जिससे बीमारी गंभीर हो जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सीने में दर्द, सांस फूलना, धड़कन अनियमित होना या थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत हृदय विशेषज्ञ से जांच कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरतमंद मरीजों को आयुष्मान योजना एवं अन्य सहायता योजनाओं का लाभ दिलाकर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।शिविर में जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, पूर्व उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, मनोज केसरी (पोस्ट ऑफिस एजेंट), दीपक केसरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




टिप्पणियाँ