गढ़वा। शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सबसे मजबूत नींव होती है। इसी सोच को साकार करते ह...
गढ़वा। शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सबसे मजबूत नींव होती है। इसी सोच को साकार करते हुए शुक्रवार को शहर के बायपास रोड स्थित जीएन कॉन्वेंट स्कूल परिसर में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का वातावरण उल्लास, गौरव और प्रेरणा से भरा हुआ था। विद्यालय के जूनियर छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर मंचासिन अतिथियों एवं टॉपर्स का अभिनंदन किया, जिससे पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक, प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कक्षा 12वीं में पलक अग्रवाल ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय ही नहीं बल्कि पूरे जिले में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। इसके अलावा करण कुमार ने 85%, अंकित राज ने 84%, ऋषभ राज ने 83%, गौतम कुमार गुप्ता ने 82%, अनुराग कुमार ने 81% तथा आयुष कुमार सिंह ने 79% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।वहीं कक्षा 10वीं में अनुष्का कुमारी ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। कोमल कुमारी ने 90%, कुमकुम कुमारी ने 85%, स्मृति भाग्यश्री ने 82%, प्रीतम दुबे ने 80%, चिराग कुमार चौबे एवं शिरोमणि कुमारी ने 76%, अमन शर्मा ने 75%, आयुष कश्यप ने 74%, दिव्यांशु कुमार कश्यप, रोशन प्रताप स्वर्णकार, जीनत परवीन एवं दीपा केसरी ने 73% तथा रानी कुमारी ने 72% अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का गौरव बढ़ाया।विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी टॉपर्स को सम्मानित करते हुए मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
“विद्यार्थियों की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व का विषय” — मदन प्रसाद केसरी
विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केसरी ने अपने संबोधन में कहा कि जीएन कॉन्वेंट स्कूल हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारयुक्त वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कठिन मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से जिला टॉपर पलक अग्रवाल की सराहना करते हुए कहा कि उसकी उपलब्धि पूरे गढ़वा जिले के लिए गौरव की बात है।
“अनुशासन और निरंतर अभ्यास सफलता की कुंजी” — प्राचार्य बसंत ठाकुर
विद्यालय के प्राचार्य बसंत ठाकुर ने कहा कि सफलता कभी संयोग से नहीं मिलती, बल्कि इसके पीछे वर्षों की मेहनत और अनुशासन छिपा होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को ऊंचा रखने की प्रेरणा दी।
“अंग्रेजी विषय से डरें नहीं, उसे समझने की कोशिश करें” — नीरा शर्मा
इंग्लिश शिक्षिका नीरा शर्मा ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा के साथ आत्मविश्वास भी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच रखी जाए तो हर छात्र सफलता प्राप्त कर सकता है।
“मेरे माता-पिता और शिक्षकों का सहयोग सबसे बड़ी ताकत” — पलक अग्रवाल
जिला टॉपर पलक अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और समय का सही प्रबंधन ही सफलता का सबसे बड़ा मंत्र है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी लक्ष्य तय कर निरंतर प्रयास करने की अपील की।
“लगातार मेहनत और आत्मविश्वास से मिली सफलता” — स्मृति भाग्यश्री
टॉपर्स छात्रा स्मृति भाग्यश्री ने कहा कि परीक्षा के दौरान उन्होंने नियमित पढ़ाई और सकारात्मक सोच को अपनी ताकत बनाया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणादायक रहा।
“बच्चों की उपलब्धि से अभिभावकों का सपना हुआ साकार”
अभिभावक अनूप कुमार अग्रवाल एवं पल्लवी अग्रवाल ने कहा कि बच्चों की सफलता परिवार के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं नंदलाल गुप्ता एवं अंजू गुप्ता ने कहा कि जीएन कॉन्वेंट स्कूल विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार भी दे रहा है, जिसका परिणाम आज सामने दिखाई दे रहा है।
टिप्पणियाँ