गढ़वा। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर गढ़वा जिला खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं भ...
गढ़वा। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर गढ़वा जिला खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (खेलो इंडिया) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले “साइकिल दिवस पखवाड़ा सह अस्मिता वुमन सिटी लीग” के तहत जिले के पांच शहरों में भव्य साइकिलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन 2 जून से 14 जून तक देश के 200 शहरों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें गढ़वा जिले को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।उक्त जानकारी गढ़वा जिला साइकिलिंग संघ के कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि झारखंड साइकिलिंग संघ द्वारा गढ़वा जिला साइकिलिंग संघ को जिले के पांच नगरों में कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत भवनाथपुर में 8 जून, बंशीधर नगर (ऊंटारी) में 11 जून, रंका राज में 12 जून, मझिआंव में 14 जून तथा गढ़वा शहर में 14 जून को साइकिल रैली एवं खेलो इंडिया अभियान के विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया के निर्देशानुसार प्रत्येक आयोजन स्थल पर महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों की संयुक्त संख्या 200 से अधिक रखने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों को फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। प्रतिभागी अपनी-अपनी साइकिल के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे और साइकिलिंग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य होगा। इसके लिए खेलो इंडिया द्वारा उपलब्ध कराए गए लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। वहीं, जो प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कर पाएंगे, उनके लिए आयोजन स्थल पर मैन्युअल पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए प्रतिभागियों को अपने साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा।कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए गढ़वा जिला साइकिलिंग संघ जिला प्रशासन से सहयोग प्राप्त करेगा। संघ द्वारा उपायुक्त गढ़वा से मिलकर प्रशासनिक सहयोग का आग्रह किया जाएगा। साथ ही जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा, ताकि आयोजन को और अधिक भव्य, सुरक्षित एवं प्रेरणादायी बनाया जा सके।मौके पर कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा, “विश्व साइकिल दिवस केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और फिट इंडिया के संकल्प को मजबूत करने का अभियान है। हमारा प्रयास है कि जिले के हर वर्ग के लोग, विशेषकर महिलाएं और युवा, इस आयोजन से जुड़ें। गढ़वा के पांच शहरों में होने वाला यह कार्यक्रम जिले में साइकिलिंग संस्कृति को नई पहचान देगा और खेलों के प्रति लोगों का उत्साह बढ़ाएगा।”वही संघ द्वारा शीघ्र ही पांचों आयोजन स्थलों के लिए प्रभारी नियुक्त कर पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। खेल प्रेमियों और आम नागरिकों में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है तथा बड़ी संख्या में सहभागिता की उम्मीद जताई जा रही है।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ