गढ़वा: अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न होटलों में हाल ही में की गई औचक छापेमारी के दौरान जो तस्वीर सा...
गढ़वा: अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न होटलों में हाल ही में की गई औचक छापेमारी के दौरान जो तस्वीर सामने आई उसके बाद प्रशासनिक दृष्टिकोण से अब आगे इस व्यवसाय पर सख्ती की जा रही है।इसी क्रम में एसडीएम ने बताया कि सभी होटल एवं लॉज संचालकों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि होटल व्यवसाय बहुत ही जिम्मेदारी भरा कार्य है व्यवसाईयों की थोड़ी सी लापरवाही या लालच कभी भी विधि व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा हो सकता है। इसलिए उन्होंने सभी थाना प्रभारी को निर्देश जारी किया है कि वह नियमित तौर से इन होटल के प्रवेश रजिस्टरों के रिकॉर्ड एवं भौतिक रूप से मौजूद लोगों का औचक सत्यापन और मिलान करते रहें। नियमानुसार प्रत्येक ठहरने वाले आगंतुक का वैध पहचान पत्र लेना एवं उसका पूरा विवरण गेस्ट रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य है तथा किसी भी प्रकार की फर्जी या अपूर्ण जानकारी स्वीकार नहीं की जाएगी। होटल परिसर के प्रवेश/निकास, रिसेप्शन एवं कॉरिडोर में CCTV कैमरे लगाना तथा न्यूनतम 30 दिनों का फुटेज सुरक्षित रखना भी अनिवार्य कर दिया गया है, जिसे मांगने पर प्रशासन एवं पुलिस को उपलब्ध कराना होगा।यह भी निर्देश दिया जा रहा है कि सभी होटल कर्मियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराया जाए। बिना सत्यापन के किसी भी कर्मचारी को कार्य पर रखना दंडनीय होगा। होटल संचालकों को यह भी हिदायत दी गई है कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि जैसे कम अवधि के लिए बार-बार कमरा लेना, बिना सामान के आना-जाना या एक ही कमरे में अलग-अलग व्यक्तियों का आवागमन देखा जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना को देना अनिवार्य होगा।उन्होंने स्थानीय पुलिस विभाग की जवाबदेही तय करते हुए प्रत्येक होटल/लॉज को संबंधित थाना से टैग करने तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रत्येक निरीक्षण की प्रविष्टि अभिलेख में दर्ज की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। साथ ही अनुमंडल प्रशासन एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से नियमित औचक जांच अभियान भी चलाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त सभी होटल संचालकों को अपने यहां ठहरे हुए अतिथियों की जानकारी संबंधित थाना को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया जा रहा है। नियमों के उल्लंघन पर क्रमिक रूप से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिसमें जुर्माना एवं चेतावनी, लाइसेंस निलंबन तथा होटल को सील कर लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई शामिल रहेगी।अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सामाजिक मर्यादा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ