गढ़वा:जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हेसातु के दुबियाठी टोला में 1 मार्च को हुई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके क...
गढ़वा:जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हेसातु के दुबियाठी टोला में 1 मार्च को हुई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुराने जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों ने मिलकर सूर्यदेव यादव नामक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी एवं लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल देखा गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए गढ़वा के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंका रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम में पु0नि0 सह थाना प्रभारी भंडरिया सुभाष कुमार पासवान, बड़गड़ थाना प्रभारी पु0अ0नि0 दीपक कुमार मौर्य समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।छापामारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा पहुंचाया तथा मृतक सूर्यदेव यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद पुलिस ने इस जघन्य घटना को अंजाम देने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रामकिशुन यादव उर्फ दुबई यादव, राजू यादव, छोटू यादव उर्फ शिव कुमार यादव और संतोष यादव शामिल हैं।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सना एक कुल्हाड़ी, एक लाठी तथा दो लकड़ी के बेत बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह पूरी वारदात दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद के कारण हुई। बताया जा रहा है कि घटना से पहले भी अभियुक्तों ने मृतक के तीन बकरियों को जहर देकर मार दिया था, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया था।इस संबंध में बड़गड़ थाना में कांड संख्या 07/26 के तहत मामला दर्ज कर समूचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जमीन विवाद से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ