श्री बंशीधरनगर में लोकतंत्र का उत्सव: नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने ली शपथ, उपाध्यक्ष पद पर संध्या देवी विजयी गढ़वा। श्री बंशीधरनग...
श्री बंशीधरनगर में लोकतंत्र का उत्सव: नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने ली शपथ, उपाध्यक्ष पद पर संध्या देवी विजयी
गढ़वा। श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत में गुरुवार को लोकतांत्रिक परंपराओं का भव्य आयोजन देखने को मिला, जब नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्वों की औपचारिक शुरुआत की। अनुमंडल सभागार में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त (नगरपालिका) दिनेश यादव ने नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी एवं सभी वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाई।समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिनेश यादव ने सभी जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे संविधान के अनुरूप अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।उन्होंने विशेष रूप से नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया तथा स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता बताई।शपथ ग्रहण के बाद नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया, जिसमें मुकाबला बेहद करीबी रहा। संध्या देवी को 13 मत प्राप्त हुए जबकि रंजन कुमार को 04 मत मिले।निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार प्रसाद ने संध्या देवी को विजयी घोषित करते हुए उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किया।इसके उपरांत नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष संध्या देवी को नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिसके साथ ही नगर पंचायत की नई टीम ने औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया।इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, प्रखंड विकास पदाधिकारी रौशन कुमार, अंचल अधिकारी विकास कुमार सिंह सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
**************************************
🔸 कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय बैठक संपन्न
🔸 उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई विस्तृत समीक्षा, लंबित योजनाओं के शीघ्र निष्पादन के निर्देश
गढ़वा।समाहरणालय सभागार में आज 19 मार्च को उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अल्पसंख्यक समुदाय के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर उनके प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।बैठक में उपायुक्त के अतिरिक्त जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, प्रेमलाल सिंह, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, अजय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थें।समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त श्री यादव द्वारा प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, साइकिल योजना, बिरसा आवास योजना, धुमकुड़िया भवन निर्माण, वन अधिकार अधिनियम–2006, प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMJVK), सरना स्थल घेराबंदी, कब्रिस्तान घेराबंदी, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, छात्रावासों का जीर्णोद्धार, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना, SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम, PM-JANMAN योजना समेत कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित अन्य योजनाओं की एक-एक कर विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त श्री यादव ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित योजनाओं की पहचान कर उनके निष्पादन में तेजी लाई जाए तथा निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं का भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभुकों तक पहुँचे। छात्रवृत्ति योजनाओं के संदर्भ में उन्होंने भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने एवं समय पर राशि अंतरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने, नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग तथा प्रगति प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाएँ समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के उत्थान से जुड़ी हैं, इसलिए इनका प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
**************************************
गढ़वा। आज पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गढ़वा, अंतर्गत नगर उटारी प्रखंड के हालिवन्ता कला पंचायत के ग्राम पतरिया कला में "जल महोत्सव" पखवाड़ा अंतर्गत" जल अर्पण दिवस" का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। मौके पर उपस्थित कार्यपालक अभियंता अजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में जल अर्पण दिवस के महत्व यथा- भूजल का रिचार्ज, जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन पर उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं कर्मियों को विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की गई। इस कार्यक्रम को प्रखंड प्रमुख, जिला परिषद एवं उप प्रमुख, नगर उंटारी के साथ साथ हालिवंता कला पंचायत के मुखिया राकेश चौबे के द्वारा भी जल संचय के बारे में विस्तार से बताया गया। जल अर्पण दिवस में उपस्थित सभी ग्रामीणों के साथ साथ जलसहिया, सभी जनप्रतिनिधि एवं कर्मियों को कार्यपालक अभियंता ने शपथ दिलाया। जिला समन्वयक अनुज श्रीवास्तव एवं नवनीत उपाध्याय के द्वारा भी अपने वक्तव्य में पेयजल आपूर्ति का रखरखाव, वर्षा जल संचयन, जलकर शुल्क के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई।
**************************************खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ