गढ़वा। जिले के कल्याणपुर स्थित आवासीय कार्यालय में शनिवार, 14 मार्च 2026 को पूर्व मंत्री सह केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर...
गढ़वा। जिले के कल्याणपुर स्थित आवासीय कार्यालय में शनिवार, 14 मार्च 2026 को पूर्व मंत्री सह केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में युवा मोर्चा जिला कमिटी द्वारा प्रखंड एवं नगर कमिटियों की घोषणा सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह खरवार ने की, जबकि संचालन जिला सचिव अतहर अली ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और युवा मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर थे। इस अवसर पर गढ़वा जिले के कई प्रखंडों की नवगठित कमिटियों की औपचारिक घोषणा की गई। इनमें गढ़वा, मेराल, चिनियां, डंडा, रंका, रमकंडा, बड़गढ़, भंडरिया, कांडी, मंझिआंव तथा बरडीहा प्रखंड कमिटियों के साथ-साथ गढ़वा नगर कमिटी भी शामिल है। नवगठित प्रखंड कमिटियों के पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि द्वारा माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गहन विचार-विमर्श के बाद योग्य और सक्रिय युवाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि किसी पद पर मनोनयन मिलना सम्मान की बात जरूर है, लेकिन उससे भी बड़ी जिम्मेदारी यह है कि युवा पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ संगठन और समाज के लिए कार्य करें।
उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से चयनित युवाओं को संगठन में स्थान मिलना उनके लिए गौरव की बात है। अगर युवा शक्ति संकल्प ले ले, तो देश, राज्य और गढ़वा जिले का भविष्य बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी नवमनोनित पदाधिकारियों से अपील की कि वे पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें और संगठन को और मजबूत बनाएं।
पूर्व मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के शेष नौ प्रखंडों की कमिटियों की घोषणा सह सम्मान समारोह अगले चरण में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही नवगठित प्रखंड कमिटी के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन का विस्तार करने तथा पंचायत स्तर तक कमिटियों का गठन करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष शंभु राम, जिला सचिव शरीफ अंसारी, केंद्रीय समिति सदस्य नितेश सिंह, केंद्रीय सदस्य तनवीर आलम खान, फुजैल अहमद, सूर्य प्रकाश उर्फ सूडू, अरविंद यादव, कामेश्वर चौधरी, आशीष गुप्ता, कार्तिक पांडेय, मनोज तिवारी और शन्नी चंद्रवंशी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
समारोह के अंत में सभी नवगठित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन आपसी संवाद और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ