गढ़वा।नगर परिषद चुनाव की घोषणा होते ही शहर की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। चुनावी माहौल के बीच एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम साम...
गढ़वा।नगर परिषद चुनाव की घोषणा होते ही शहर की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। चुनावी माहौल के बीच एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। निर्वाचन आयोग की घोषणा की पुष्टि के बाद पहले विएल एकेडमी के डायरेक्टर सह समाजसेवी ज्योति प्रकाश केसरी ने भावी अध्यक्ष पद की उम्मीदवार विभा प्रकाश के नाम की घोषणा की थी, लेकिन गहन विचार-विमर्श और समर्थकों से बातचीत के बाद उन्होंने अपना समर्थन बदलते हुए नगर परिषद अध्यक्ष पद के भावी प्रत्याशी कंचन साहू को अपना पूरा समर्थन देने का ऐलान कर दिया।प्रेस वार्ता में ज्योति प्रकाश केसरी ने कहा कि कंचन साहू शुरू से ही समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। रक्तदान हो, कोरोना काल में जरूरतमंदों की सेवा हो या फिर मोक्ष संस्था के माध्यम से अज्ञात शवों का सम्मानपूर्वक दाह संस्कार—हर मोर्चे पर कंचन साहू ने निस्वार्थ भाव से काम किया है। वे इंटरनेशनल क्लब के लायंस क्लब के उप जिला पाल जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। समाज सेवा में उनकी निरंतर सक्रियता ही उनके समर्थन का सबसे बड़ा आधार है।ज्योति प्रकाश केसरी ने बताया कि दोनों प्रत्याशियों के लगभग 80 प्रतिशत समर्थक एक ही थे। इसी कारण आपसी बातचीत और सामूहिक सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया कि नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कंचन साहू को समर्थन दिया जाए। उन्होंने कहा कि उपस्थित सभी लोग पूरी मजबूती से कंचन साहू के साथ खड़े हैं और उन्हें विजय दिलाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि सभी आगे आकर भारी मतों से कंचन साहू को विजयी बनाएं। इस दौरान उन्होंने नारा दिया—“कहीं नहीं है कोई टक्कर में, संघर्ष हमारा नारा है।”वहीं, पूर्ण समर्थन मिलने के बाद भावी प्रत्याशी कंचन साहू ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जनता और समर्थकों से मिल रहे सहयोग से गहरा भावनात्मक जुड़ाव महसूस हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे जाति की नहीं, बल्कि जमात की राजनीति करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 26 वर्षों के सामाजिक और सार्वजनिक कार्यों के आधार पर जनता उन्हें परखेगी।कंचन साहू ने नगर परिषद की प्रमुख समस्याओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि डंपिंग यार्ड एक बड़ी चुनौती है, साथ ही व्यवसायियों और छात्र-छात्राओं के लिए मूलभूत सुविधाओं की कमी भी गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा कि जनता को जिस प्रत्याशी का काम बेहतर लगे, तो वे निस्वार्थ भाव से उसी को चुनें। उनका उद्देश्य केवल सेवा है, कोई निजी स्वार्थ नहीं। उन्होंने जनता से अपील की कि एक कर्मठ और ईमानदार उम्मीदवार को चुनकर नगर परिषद को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर परिषद बनाने में सहयोग करें।प्रेस वार्ता में उपेंद्र कुमार, पंकज कुमार, विकेश कुमार, मुखिया-उप मुखिया अमित केसरी, राज किरण डूडून, पूनम कांसकर, उप मुखिया सुरेश कुमार, संतोष कुमार, मनोज कुमार, मनोज पटवा, पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। चुनावी ऐलान के साथ ही यह समर्थन नगर परिषद चुनाव में एक अहम मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।
टिप्पणियाँ