गढ़वा:सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) रंका ने एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में न...
गढ़वा:सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) रंका ने एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। झारखंड सरकार द्वारा संचालित परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत सीएचसी रंका में इस दिन में 73 महिलाओं का सफल बंध्याकरण किया गया। यह उपलब्धि न केवल रंका प्रखंड बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व पिछले सप्ताह सीएचसी रंका में 67 महिलाओं का बंध्याकरण किया गया था। जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 73 तक पहुंच गई। लगातार बढ़ते आंकड़े यह दर्शाते हैं कि क्षेत्र की महिलाएं परिवार नियोजन कार्यक्रमों के प्रति जागरूक हो रही हैं और स्वास्थ्य केन्द्र पर उनका भरोसा भी बढ़ा है। इस अवसर पर सीएचसी रंका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी ने कहा कि झारखंड सरकार के परिवार नियोजन अभियान के अंतर्गत अब तक सीएचसी रंका में 800 से अधिक महिलाओं का बंध्याकरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अस्पताल के समर्पित चिकित्सकों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की टीमवर्क का परिणाम है। डॉ असजद अंसारी ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रंका ने पूरे झारखंड में कुल 1018 बंध्याकरण कर दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रंका में पदस्थापित महिला चिकित्सक डॉ. महजबी को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया था। यह सम्मान रंका सीएचसी की कार्यक्षमता और गुणवत्ता को प्रमाणित करता है। परिवार नियोजन के साथ-साथ सीएचसी रंका अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। डॉ असजद अंसारी ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक यहां 60 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया जा चुका है। खास बात यह है कि झारखंड में सीएचसी रंका एकमात्र ऐसा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र है।।जहां मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर लगाकर आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड धारकों का नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाता है।उन्होंने आगे कहा कि सीएचसी रंका पूरे जिले का एकमात्र ऐसा स्वास्थ्य केन्द्र है। जहां कई प्रकार की रक्त जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां सीबीसी, थायरॉयड समेत अन्य महत्वपूर्ण जांचें की जाती हैं। इन जांचों के लिए अस्पताल में आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं। जिससे मरीजों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।डॉ. असजद अंसारी ने इन सभी सुविधाओं और उपलब्धियों के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और झारखंड सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग और संसाधनों के कारण ही ग्रामीण व दूरदराज के क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
टिप्पणियाँ