गढ़वा।शहर के व्यापारिक गलियारों में इन दिनों सड़क मापी को लेकर गुस्सा और असंतोष की लहर दौड़ गई है। स्थानीय व्यापारियों ने निर्मा...
गढ़वा।शहर के व्यापारिक गलियारों में इन दिनों सड़क मापी को लेकर गुस्सा और असंतोष की लहर दौड़ गई है। स्थानीय व्यापारियों ने निर्माण एजेंसी शिवालय कंस्ट्रक्शन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कंपनी ने रात के अंधेरे में बिना किसी अनुमति के दुकानों और मकानों पर लाल व पीले निशान लगा दिए।शनिवार की सुबह जब लोगों ने अपने भवनों की दीवारों पर रंगे हुए निशान देखे, तो पूरे इलाके में अफरा-तफरी और गुस्से का माहौल बन गया। बताया गया कि यह मापी कार्य शुक्रवार की देर रात गढ़वा मुख्य बाजार में किया गया, जिससे सुबह होते-होते भ्रम और नाराजगी फैल गई।व्यापारियों का कहना है कि मापी का कोई स्पष्ट मानक तय नहीं किया गया, और यह कार्रवाई प्रशासनिक निगरानी के बिना की गई है। उनका आरोप है कि यह कार्यवाही मनमाने ढंग से की जा रही है, जिससे शहर के छोटे-बड़े व्यापारियों में बेचैनी और अविश्वास का माहौल बन गया है।गढ़वा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि मंडल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त दिनेश कुमार यादव से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने शिवालय कंस्ट्रक्शन की मनमानी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।चैंबर के अध्यक्ष बबलू पटवा ने कहा –“हम विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन बिना अनुमति के रातों-रात भवनों पर लाल निशान लगाना सरासर अनुचित और गैरकानूनी है। प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को स्पष्ट करना चाहिए।”उन्होंने कहा कि जब गढ़वा शहर के बाहर पहले से ही बाईपास सड़क बन चुकी है, तो मुख्य मार्ग पर चौड़ीकरण का कोई औचित्य नहीं है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई जनता को परेशान करने के उद्देश्य से की जा रही है।प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को एक लिखित मांग पत्र भी सौंपा, जिसमें स्पष्ट कहा गया कि शिवालय कंस्ट्रक्शन की इस कार्रवाई ने शहर में अविश्वास और असंतोष का माहौल पैदा कर दिया है।व्यापारियों ने यह भी मांग की है कि सड़क मापी प्रशासनिक देखरेख में पुनः की जाए, ताकि जनता का भरोसा बहाल हो सके और भविष्य में इस तरह की मनमानी रोकी जा सके।प्रतिनिधिमंडल में अजय केशरी, आदित्य प्रकाश, ज्योति प्रकाश, पूनम कांसकार, मनीष कमलापुरी और राजकुमार सोनी शामिल थे।गढ़वा जिले की खबरों के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।





टिप्पणियाँ