गढ़वा से रांची की दूरी होगी कम, आर्थिकी में भी होगा सुधार गढ़वा। निकट भविष्य में अब गढ़वा से रांची की दूरी और कम हो जाएगी। एनएच 75 की पलामू के...
गढ़वा से रांची की दूरी होगी कम, आर्थिकी में भी होगा सुधार
गढ़वा। निकट भविष्य में अब गढ़वा से रांची की दूरी और कम हो जाएगी। एनएच 75 की पलामू के भोगू (लहलहे) से शंखा तक फोरलेन निर्माण की केंद्र सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। कुड़ू से विंढमगंज(यूपी) तक बनने वाली एनएच 75 फोरलेन का यह सेक्शन पैकेज तीन की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। पलामू के भोगू से शंखा तक करीब 49 किलोमीटर फोरलेन का निर्माण लगभग 850 करोड़ रूपये की लागत से किया जाएगा।
जानकारी देते हुए गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि इसकी निविदा भी प्रकाशित की जा चुकी है। राज्य सरकार एवं गढ़वा-पलामू ज़िला प्रशासन के सहयोग से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया ज़ोर शोर से चल रही है। जल्द ही निविदा की प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि कुड़ू से विंढमगंज तक फोरलेन का निर्माण कार्य को पांच पैकेज में बांटा गया है। यह सेक्शन पैकेज तीन के अंतर्गत है। पैकेज चार में गढ़वा बाईपास का निर्माण कार्य जारी है। साथ ही खजूरी से विंढमगंज तक पैकेज पांच की निविदा पूर्ण कर कार्य आवंटित किया जा चुका है। पैकेज एक और दो का डीपीआर प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि गढ़वा, पलामू की लाइफ़ लाइन मानी जाने वाली कुड़ू से विंढमगंज तक फोरलेन का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने से गढ़वा से रांची की दूरी काफी कम हो जाएगी। गढ़वा से रांची जाने के लिए लोगों को अब डालटनंज शहर में भी प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। काफी कम समय के रांची की दूरी तय की जा सकेगी। इस सड़क का फ़ोर लेनिंग इस क्षेत्र के आर्थिकी में काफ़ी परिवर्तन लाएगा। मंत्री श्री ठाकुर ने इस कार्य के लिए केंद्रीय पथ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया है। यहाँ से विज्ञापन देखे
टिप्पणियाँ