गढ़वा। रविवार को टंडवा स्थित सिटी डेंटल हॉस्पिटल में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर के प्रथम दिन बड़ी संख्या में विभिन्न ...
गढ़वा। रविवार को टंडवा स्थित सिटी डेंटल हॉस्पिटल में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर के प्रथम दिन बड़ी संख्या में विभिन्न प्रखंडों से मरीज पहुंचे। शिविर में रांची से आए सुप्रसिद्ध कैंसर रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की गहन जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया तथा आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।शिविर में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. कुमार सौरव, डॉ. अमर प्रेम, डॉ. मनमोहन कृष्ण अखोरी एवं डॉ. आनंद कुमार ने मरीजों की जांच की। वहीं सेंटर हेड अनिल गुप्ता एवं सिटी डेंटल हॉस्पिटल के दंत चिकित्सक डॉ. आलोक कुमार ने भी मरीजों के पंजीकरण, जांच एवं परामर्श व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित किया।विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि यदि मुंह में सफेद या लाल धब्बे दो सप्ताह से अधिक समय तक बने रहें, मुंह का घाव या छाला लंबे समय तक ठीक न हो, मुंह से खून आए, निगलने में दर्द या कठिनाई हो, गर्दन में गांठ या सूजन महसूस हो, मुंह खोलने में परेशानी या जबड़ा जकड़ जाए, आवाज में बदलाव या भारीपन आ जाए अथवा बिना किसी कारण दांत हिलने लगें या लगातार दर्द बना रहे, तो ऐसे लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच कराने से कैंसर का प्रारंभिक अवस्था में पता लगाकर उसका सफल उपचार संभव है।शिविर में आए मरीजों को विशेषज्ञों ने उनके रोग के अनुसार आवश्यक जांच, उपचार संबंधी सलाह एवं जीवनशैली में सुधार के सुझाव दिए। साथ ही तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि यही मुंह के कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। मौके पर सर्जनों में डॉ. कुमार सौरव ने कहा कि कैंसर का समय पर पता चल जाए तो उसका इलाज काफी हद तक सफल हो सकता है। इसलिए किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।वही डॉ. अमर प्रेम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे निःशुल्क शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए।वही
डॉ. मनमोहन कृष्ण अखोरी ने कहा कि मुंह के कैंसर के अधिकांश मामले तंबाकू सेवन से जुड़े होते हैं। लोगों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।वही डॉ. आनंद कुमार ने कहा कि शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श मरीज की जान बचा सकता है। इसलिए किसी भी परेशानी में विशेषज्ञ चिकित्सक से अवश्य मिलें।वही सेंटर हेड अनिल गुप्ता ने कहा कि सिटी डेंटल हॉस्पिटल का उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।वही डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि मुंह से संबंधित किसी भी समस्या को सामान्य समझकर अनदेखा न करें। समय पर जांच कराने से गंभीर बीमारी से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।।
टिप्पणियाँ