गढ़वा : आईएमए के गढ़वा जिलाध्यक्ष सह प्रसिद्ध जनरल फिजिशियन डॉ. अरशद अंसारी तथा रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित...
गढ़वा : आईएमए के गढ़वा जिलाध्यक्ष सह प्रसिद्ध जनरल फिजिशियन डॉ. अरशद अंसारी तथा रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी की माता नसीमा खातून हज का पवित्र अरकान पूरा कर सकुशल अपने घर लौट आईं। उनके घर पहुंचने पर परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों एवं मोहल्ले के लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा हज की मुबारकबाद दी। नसीमा खातून के घर लौटने की सूचना मिलते ही उनके शुभचिंतकों और परिचितों का तांता लग गया। लोगों ने उनसे मुलाकात कर हज यात्रा के अनुभवों की जानकारी ली और उनके स्वस्थ एवं सकुशल वापस लौटने पर खुशी व्यक्त की। स्वागत के दौरान पूरे माहौल में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने कहा कि हज इस्लाम का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और यह हर मुसलमान के लिए एक पवित्र एवं आध्यात्मिक यात्रा होती है। ऐसे में हज का अरकान पूरा कर लौटने वाले लोगों का सम्मान करना सौभाग्य की बात है।
इस अवसर पर नसीमा खातून ने कहा कि अल्लाह के करम से उन्हें हज जैसी पवित्र इबादत अदा करने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि हज यात्रा के दौरान उन्होंने देश, राज्य और जिले सहित सभी लोगों की सुख-शांति, समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य के लिए दुआ मांगी। उन्होंने कहा कि हज इंसान को आपसी भाईचारे, अनुशासन, त्याग और मानवता का संदेश देता है। इस यात्रा से उन्हें आध्यात्मिक शांति और नई ऊर्जा प्राप्त हुई है।वही डॉ. अरशद अंसारी ने अपनी माता के सकुशल वापस लौटने पर अल्लाह का शुक्र अदा करते हुए कहा कि परिवार के लिए यह अत्यंत खुशी और गर्व का क्षण है। उन्होंने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उनकी माता के स्वागत में शामिल होकर शुभकामनाएं दीं। वहीं डॉ. असजद अंसारी ने कहा कि हज यात्रा हर मुसलमान के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती है और उनकी माता का इस पवित्र यात्रा को सफलतापूर्वक पूरा कर लौटना पूरे परिवार के लिए खुशी की बात है।स्वागत कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नसीमा खातून के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। कई लोगों ने उनसे हज यात्रा के दौरान के अनुभव साझा करने का अनुरोध किया। इस मौके पर परिजनों, रिश्तेदारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों तथा स्थानीय गणमान्य लोगों की उपस्थित थे।
टिप्पणियाँ