गढ़वा। जिले में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स...
गढ़वा। जिले में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने की। गोष्ठी में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक ने आगामी बकरीद पर्व को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील एवं धार्मिक स्थलों पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, थाना स्तर पर उपलब्ध जवानों को मॉक ड्रिल कराने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा। साथ ही बैंक एवं अन्य वित्तीय संस्थानों के आसपास लगातार भ्रमण कर सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।एसपी ने जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर भी गंभीरता दिखाई और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर विशेष उपाय करने का आदेश दिया। इसके अलावा नियमित अंतराल पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच अभियान चलाने तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।गोष्ठी में वर्ष 2023 तक के लंबित कांडों के समयबद्ध निष्पादन, एससी/एसटी एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने, नक्सल कांडों का त्वरित निष्पादन करने तथा अनुसंधानकर्ताओं को ई-साक्ष्य पोर्टल पर कांडों की प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कैदियों के फिंगर प्रिंट की प्रविष्टि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट समय पर प्राप्त करने, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन, वारंट एवं कुर्की निष्पादन, साइबर अपराध, ड्रंक ड्राइविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एवं आईटी एक्ट से जुड़े मामलों में भी तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।बैठक के दौरान पेट्रोलिंग पार्टी की निगरानी QR कोड के माध्यम से करने, डीजीएसपी एवं आईजीएसपी कॉन्फ्रेंस पोर्टल पर थानावार प्रविष्टि करने तथा पीजी पोर्टल एवं अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।मासिक अपराध गोष्ठी के माध्यम से पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संकेत दिया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ