गढ़वा। जिले के सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। गुर...
गढ़वा। जिले के सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। गुरुवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर अस्पताल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, वार्डों की निगरानी और अस्पताल परिसर की गतिविधियों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा को लेकर कई अहम बिंदुओं पर मंथन हुआ तथा लापरवाही बरतने वालों को सख्त चेतावनी भी दी गई।
अस्पताल में लगातार मिल रही शिकायतों और सुरक्षा में ढिलाई की सूचना के बाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए पूर्व से कार्यरत गृह रक्षकों को हटाकर नई सुरक्षा टीम की तैनाती का निर्णय लिया है। शुक्रवार से अस्पताल परिसर में नौ नए गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जिन्हें सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजय कुमार ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों की सुरक्षा, चिकित्सीय व्यवस्था और परिसर में आने-जाने वालों की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष एवं शहर थाना के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। साथ ही सुरक्षा कर्मियों का नियमित रोस्टर तैयार कर समय-समय पर ब्रीफिंग देने का भी निर्देश दिया गया।एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल के नेतृत्व में जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं विधि-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, दलाली या सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यामानी ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। नई सुरक्षा व्यवस्था लागू होने के बाद अस्पताल परिसर में अनुशासन और बेहतर निगरानी सुनिश्चित होगी।गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने कहा कि सदर अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। किसी भी अप्रिय घटना या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।होमगार्ड इंस्पेक्टर दिलीप कुमार ने बताया कि प्रतिनियुक्त किए जा रहे सभी गृह रक्षकों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि अस्पताल परिसर में चौकसी और सतर्कता बनी रहे।अस्पताल प्रबंधक विकास केसरी ने कहा कि प्रशासन और पुलिस के समन्वय से अस्पताल की व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा मरीजों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।इस मौके पर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यामानी, अस्पताल प्रबंधक विकास केसरी, पुलिस निरीक्षक सह गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी, पुलिस उप निरीक्षक अविनाश कुमार, होमगार्ड इंस्पेक्टर दिलीप कुमार सहित अस्पताल एवं पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ