गढ़वा : सृजन साहित्यिक मंच गढ़वा द्वारा गढ़वा के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कुमार विपुल के सम्मान में बुधवार की शाम स्थानीय ज्...
गढ़वा : सृजन साहित्यिक मंच गढ़वा द्वारा गढ़वा के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कुमार विपुल के सम्मान में बुधवार की शाम स्थानीय ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल में एक समारोह का आयोजन किया गया. विदित हो कि श्री विपुल का गढ़वा से हजारीबाग में स्थानांतरण हो गया है. मंच के अध्यक्ष विनोद पाठक की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में एसीजेएम कुमार विपुल के विगत चार साल के न्यायिक सेवा के साथ सृजन साहित्यिक मंच के साथ जुड़ाव का उल्लेख करते हुये समारोह में उनको अंग वस्त्र ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान समारोह में अपना उद्गार व्यक्त करते हुये न्यायिक पदाधिकारी कुमार विपुल ने कहा कि वर्ष 2022 में उन्होंने गढ़वा आने से पूर्व यहां के विषय में जो कुछ सुना था, आने के बाद बिलकुल उसके विपरीत अनुभव किया. उन्होंने पाया कि गढ़वा की छबि को बाहर गलत रूप से प्रस्तुत किया जाता है. इसके कारण बाहर के लोगों की जब गढ़वा में पदस्थापना होती है, तो वे काफी सशंकित रहते हैं. जबकि गढ़वा का सामाजिक परिवेश बहुत ही अच्छा है. उन्होंने कहा कि गढ़वा के लोग बहुत ही अच्छे हैं. अपने चार साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने बहुत सारे मुकदमों का निष्पादन किया, लेकिन न तो कहीं बार से न ही संबंधित पक्ष-विपक्ष से उन्हें कोई परेशानी हुई. यहां की संस्कृति और यहां के लोगों से मिले प्रेम व आदर को वे कभी नहीं भूल पायेंगे. इसके पूर्व समारोह में विषय प्रवेश कराते हुये सृजन साहित्यिक मंच के सचिव सतीश कुमार मिश्र ने श्री विपुल के सरल व्यक्तित्व एवं साहित्य व कला प्रेम का विस्तार से उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि अपने मृदुभाषी स्वभाव और न्यायिक कार्यों के प्रति अपनी निष्ठा की विपुलजी ने जो छाप छोड़ी है, वह सदा स्मरणीय रहेगा. इस अवसर पर मंच के संरक्षक रासबिहारी तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता नवीनचंद सिंह, विजय पांडेय, राकेश शुक्ल, परशुरामजी आदि ने भी विचार व्यक्त किये. वरिष्ठ रचनाकार राजमणि राज, प्रमोद कुमार, डॉ आशीष अविरल चतुर्वेदी, रामाशंकर चौबे, दयाशंकर गुप्त आदि ने अपनी रचनाओं के माध्यम से कुमार विपुल के सम्मान में अपने भाव व्यक्त किये. समारोह का संचालन अधिवक्ता राकेश त्रिपाठी ने तथा धन्यवाद ज्ञापन ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल के निदेशक मदन प्रसाद केसरी ने किया. इस मौके पर ज्ञान निकेतन स्कूल की निदेशिका सुषमा केसरी, कन्हैया सिंह, सतीश पांडेय, नवल तिवारी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे.खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।




टिप्पणियाँ