गढ़वा। झारखंड सरकार के निर्देश पर 6 से 10 जनवरी के बीच आयोजित किए जा रहे प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला के क्रम में शुक्रवार 10 ज...
गढ़वा। झारखंड सरकार के निर्देश पर 6 से 10 जनवरी के बीच आयोजित किए जा रहे प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला के क्रम में शुक्रवार 10 जनवरी को रंका प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भव्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि, सांसद प्रतिनिधि, रंका एसडीपीओ रोहित सिंह, रंका अंचल अधिकारी, प्रमुख, उप प्रमुख, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका के प्रभारी डॉ. असजद अंसारी एवं थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।स्वास्थ्य मेले की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि यह रही कि यहां निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। यह पहली बार है जब पूरे झारखंड राज्य के किसी भी स्वास्थ्य मेले में मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया हो। रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. असजद अंसारी के विशेष प्रयास से कुल 40 मरीजों का सफल निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया, जिसे स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।स्वास्थ्य मेले में कई विभागीय स्टॉल लगाए गए, जहां टीबी जांच, सिकल सेल जांच, एनीमिया जांच, मलेरिया जांच, फाइलेरिया, कुष्ठ रोग जांच, परिवार नियोजन कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। परिवार नियोजन के अंतर्गत बंध्याकरण ऑपरेशन के लिए पंजीकरण भी किया गया। इस अवसर पर प्रभारी डॉक्टर असजद अंसारी ने जानकारी दी कि अब तक रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 518 बंध्याकरण ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं।मौके पर डॉ. असजद अंसारी (प्रभारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका) ने बताया कि “यह स्वास्थ्य मेला रंका के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए ऐतिहासिक है। पहली बार स्वास्थ्य मेले में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन संभव हो पाया। हमारा लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।”वही डॉ. शमशेर सिंह ने बताया कि “रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ने जो पहल की है, वह पूरे राज्य के लिए प्रेरणादायी है। स्वास्थ्य मेले में मोतियाबिंद ऑपरेशन का सफल आयोजन वास्तव में एक बड़ी उपलब्धि है।”मेले में डॉ. शमशेर सिंह, डॉ. गोरखनाथ पांडे, डॉ. पल्लवी सिंह, डॉ. विवेक कुमार सहित कई एएनएम और जीएनएम ने सक्रिय भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य मेले का लाभ उठाया और बेहतर व्यवस्था की सराहना की।
टिप्पणियाँ