गढ़वा। शहर के सोनपुरवा स्थित बी एन टी सेंट मेरी स्कूल, गढ़वा के लिए यह अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है कि विद्यालय के वाणिज्य संक...
गढ़वा। शहर के सोनपुरवा स्थित बी एन टी सेंट मेरी स्कूल, गढ़वा के लिए यह अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है कि विद्यालय के वाणिज्य संकाय से कक्षा 11 के दो होनहार विद्यार्थियों अमन कुमार गुप्ता एवं शुभम कुमार का चयन 19वीं सीनियर सर्किल स्टाइल राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप के लिए हुआ। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 10 जनवरी से 12 जनवरी तक उत्तराखंड के बाजपुर, नैनीताल रोड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में भव्य रूप से आयोजित की गई, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया।इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दोनों विद्यार्थियों ने झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने खेल कौशल, साहस, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कठिन मुकाबलों में उत्कृष्ट रणनीति और शारीरिक दक्षता का परिचय देते हुए राज्य का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन किया। उनके इस चयन और प्रदर्शन से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिले और राज्य में खुशी की लहर दौड़ गई है। यह प्रतियोगिता अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) के तत्वावधान में आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य देशभर की खेल प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना तथा कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना रहा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए आयु अथवा वजन की कोई बाध्यता नहीं रखी गई थी, जिससे हर वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सके। प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए आयोजन समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क आवास एवं भोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी।विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित कुमार तिवारी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा "अमन कुमार गुप्ता और शुभम कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व कर विद्यालय और राज्य दोनों का नाम गौरवान्वित किया है। यह हमारे सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें विश्वास है कि भविष्य में भी ये खिलाड़ी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।" वहीं विद्यालय के *निदेशक उमाकांत तिवारी ने भी दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा
"यह हमारे विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव की बात है। विदित हो कि ये दोनों विद्यार्थी अभी प्रतियोगिता में भाग लेकर वापस लौट रहे हैं। उनके विद्यालय आगमन के उपरांत बी एन टी सेंट मेरी स्कूल परिवार द्वारा उनका विधिवत सम्मान किया जाएगा, ताकि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिल सके।"
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से न केवल BNT सेंट मेरी स्कूल, गढ़वा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर उज्ज्वल हुआ है, बल्कि झारखंड के खेल जगत को भी एक नई पहचान मिली है। विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावक तथा साथी विद्यार्थी दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त कर रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
टिप्पणियाँ