गढ़वा। गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड अंतर्गत राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय के मैदान में रविवार को एक विशाल कैंसर जागरूकता सह नि:शुल्...
गढ़वा। गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड अंतर्गत राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय के मैदान में रविवार को एक विशाल कैंसर जागरूकता सह नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह सराहनीय पहल परमेश्वरी मेडिकल सेंटर एवं किरण सिंह मेमोरियल कैंसर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई।शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना और लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराना था। करीब चार घंटे तक चले इस शिविर में सैकड़ों मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।शिविर में जेनरल फिजिशियन डॉ. ज्वाला प्रसाद सिंह, डॉ. मनीष कुमार सिंह, लैप्रोस्कोपी एवं जनरल सर्जन डॉ. कुमार निशांत सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीतू सिंह तथा दंत चिकित्सक डॉ. यू. उत्कर्ष सिंह ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने मरीजों को न सिर्फ इलाज संबंधी सलाह दी, बल्कि कैंसर के शुरुआती लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर जांच की आवश्यकता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।स्वास्थ्य सेवा के साथ-साथ शिविर में सामाजिक संवेदना भी देखने को मिली। कड़ाके की ठंड को देखते हुए गरीब, असहाय एवं बुजुर्ग लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया, वहीं सभी आगंतुकों को खाद्य सामग्री भी प्रदान की गई।इस कार्यक्रम की सफलता में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विद्यालय प्रबंधन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मौके पर डॉ. ज्वाला प्रसाद सिंह (जेनरल फिजिशियन) ने कहा कि:“ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर जांच और सही जानकारी से कैंसर जैसी बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। ऐसे शिविर बेहद जरूरी हैं।”वही डॉ. मनीष कुमार सिंह (जेनरल फिजिशियन) ने कहा कि:“गरीब और दूरदराज के लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवा मिलना बड़ी राहत है। यह प्रयास निरंतर होना चाहिए।”वही डॉ. कुमार निशांत सिंह (लैप्रोस्कोपी एवं जनरल सर्जन) ने कहा कि:“कैंसर का समय रहते पता चल जाए तो इलाज संभव है। जागरूकता ही सबसे बड़ा इलाज है।”वही डॉ. नीतू सिंह (स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने कहा कि:“महिलाओं में होने वाले कैंसर को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है। नियमित जांच से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।”मौके पर थाना प्रभारी अशफाक आलम, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार, जिला परिषद सदस्य सुषमा देवी, मुखिया विजय राम, पूर्व पतरिया मुखिया मनोज कुमार चंचल सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक और ग्रामीण उपस्थित थे।क्षेत्रीय लोगों ने इस आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताया।
टिप्पणियाँ