गढ़वा। बी.एन.टी. सेंट मेरी स्कूल, सोनपुरवा, गढ़वा में “दीवाली, भाईदूज एवं छठ पूजा” थीम पर इंटर हाउस बोर्ड डेकोरेशन प्रतियोगिता क...
गढ़वा। बी.एन.टी. सेंट मेरी स्कूल, सोनपुरवा, गढ़वा में “दीवाली, भाईदूज एवं छठ पूजा” थीम पर इंटर हाउस बोर्ड डेकोरेशन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के सभी हाउसों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने-अपने बोर्ड को भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं, लोकाचार और पर्वों की भावना के अनुरूप सजाया।
रंगों, चित्रों और मनमोहक संदेशों से सजे बोर्डों ने विद्यालय के वातावरण को त्योहारमय बना दिया। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मकता के माध्यम से यह संदेश दिया कि भारतीय त्यौहार केवल उल्लास का प्रतीक नहीं, बल्कि उनमें परिवार, एकता और सामाजिक समरसता का भाव भी निहित है।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य ने संपूर्ण गतिविधि का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमताओं को विकसित करते हैं, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़े रखते हैं।
प्रधानाचार्य अमित कुमार तिवारी ने यह भी बताया कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयत्नशील है। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामूहिक सहयोग की सराहना की और भविष्य में भी इसी तरह के नवाचारों को प्रोत्साहित करने की बात कही।इसी क्रम में विद्यालय द्वारा 19 अक्टूबर (रविवार) को आयोजित डोनेशन ड्राइव को लेकर विद्यार्थियों में अत्यधिक उत्साह देखा गया। इस सामाजिक पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपने घरों से नए-पुराने कपड़े, कंबल, खिलौने तथा खाद्य सामग्री एकत्रित कर विद्यालय में जमा किए। इन वस्तुओं को अगले दिन विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग से चयनित स्थान पर जरूरतमंदों के बीच वितरित किया जाएगा।विद्यालय परिवार का मानना है कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को प्रबल करते हैं। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए यह संदेश दिया कि सच्ची शिक्षा वही है जो व्यक्ति को समाज के प्रति उत्तरदायी बनाती है।
टिप्पणियाँ