गढ़वा। झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा है कि भाजपा अबकी बार चार सौ पार नहीं करेगी। बल्कि अबकी बार जनता भाजपा को तड़िपार ...
गढ़वा। झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा है कि भाजपा अबकी बार चार सौ पार नहीं करेगी। बल्कि अबकी बार जनता भाजपा को तड़िपार करेगी। आगामी चार जून प्रधानमंत्री मोदी जी की तानाशाही का अंतिम दिन साबित होगा। श्री ठाकुर ने शनिवार को शहर के चिनियां रोड स्थित होटल पद्मावती में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर उक्त बातें कही। श्री ठाकुर ने कहा कि दो दिनों के झारखंड प्रवास के दौरान आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने झूठ बोलने का नया कीर्तिमान स्थापित कर लिया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड से आग्रह करता है कि वो झूठ बोलने का रिकॉर्ड प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नाम दर्ज कर उसे प्रकाशित करें। उन्होंने कहा कि गौर करने वाली बात यह है कि पलामू की जनसभा में मोदी जी ने मंदिर, मस्जिद, हिंदू, मुस्लिम सबकी बातें की। लेकिन मंडल डैम की चर्चा तक नहीं की। इससे यह साबित होता है कि मोदी जी समाज को बांट कर सत्ता हथियाना चाहते हैं, विकास करके नहीं। उनका बयान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। जो दस वर्षों से राज कर रहा हो वो अपनी उपलब्धियां गिनाने की जगह लोगों को झूठ बांट रहे हैं। काठ की हांडी बार बार नही चढ़ती है। मोदी जी कहते है मैने देश में पहली बार आदिवासी राष्ट्रपति बनाया ,लेकिन वो ये नहीं कहते हैं कि उन्हांने संसद के नए भवन के उद्घाटन और अयोध्या में निर्मित मंदिर में भगवान श्री राम की मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा में राष्ट्रपति महोदया को नहीं बुलाया। राष्ट्रपति का जैसा अपमान प्रधानमंत्री ने किया है, शायद ऐसा अपमान देश के किसी प्रधानमंत्री ने नहीं किया होगा। श्री ठाकुर ने कहा कि मोदी जी ने पलामू में सबसे बड़ा झूठ ये कहा कि हमने पक्का घर दिया। जबकि हकीकत ये है कि उन्होंने झारखंड को पक्के मकान के लिए मिलने वाली राशि नहीं दी। तभी राज्य सरकार को अपने संसाधन से झारखंड के लोगों को अबूआ आवास देने की योजना शुरू करनी पड़ी। प्रधापनमंत्री ने कल चाईबासा में कहा कि हेमंत सोरेन ने जमीन लूटी। आदिवासियों का हक मारा और भ्रष्टाचार किया। मोदी जी और भाजपा से आग्रह है कि वो अपने पुराने बयान निकाल कर देख लें कि जिस गीता कोड़ा के लिए वो वोट मांग रहे हैं, उनके और उनके पति मधु कोड़ा को किसी समय कितना बड़ा भ्रष्टाचारी बताया करते थे। हेमंत जी पर पीछे से हमला कर आप घायल नहीं कर सकते मोदी जी। हेमंत सोरेन शेर है। जब सामने होगा तो किसी हिम्मत नहीं होगी उससे आंख मिलाने की। हेमंत सोरेन को भाजपा परेशान कर सकती है, परास्त नहीं झारखंड में भाजपा का खाता नहीं खुलेगा मोदी जी को झारखंड के लोग इस बार हार का ऐसा उपहार देंगें कि उन्हें जिंदगी भर याद रहेगा। मौके पर राजद के प्रधान महासविव सह गोड्डा के पूर्व विधायक संजय यादव, सपा के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे, ज़िलाध्यक्ष तनवीर आलम खान, सचिव मनोज ठाकुर, राजद प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश प्रसाद यादव आदि मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखलाने के लिए तैयार है जनता : मंत्री मिथिलेश
दो मुखिया सहित दो दर्जन से अधिक लोग भाजपा छोड़ झामुमो में शामिल
गढ़वा। गढ़वा के दो मुखिया सहित दो दर्जन से अधिक लोगों ने भाजपा छोड़कर झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया। शनिवार को गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर सभी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री श्री ठाकुर ने सभी को माला एवं पार्टी का पट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल कराया। पार्टी में शामिल होने वालों में मुख्य रूप से गढ़वा प्रखंड के महुलिया पंचायत के मुखिया वीरेंद्र राम, दुबे मरहटिया पंचायत के मुखिया नितीश तिवारी, बीडीसी हरिओम सिंह, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि राउत, उदय प्रसाद यादव, अभय पासवान, चंदन कुमार, विजय भुईयां, छोटू ठाकुर, हरिओम विश्वकर्मा, हरिनारायण पासी, अमित विश्वकर्मा, सौरभ कुमार सिंह, दीपक ठाकुर, संजय ठाकुर, मुकेश बैठा, सीताराम पासवान, जाटा के मुमताज अंसारी, उड़सुगी के ललसु पाल, अचला के गुलाम सरवर आदि का नाम शामिल है।
मौके पर मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि भाजपा की झूठ एवं फरेब से जनता उब चुकी है। इस बार लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए पूरी तरह से कमर कस के तैयार है। अब जनता बेवकूफ बनने वाली नहीं है। झामुमो के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार ने झारखंड में काफी विषम परिस्थितियों एवं अल्प समय में जितनी बेहतर कार्य की है आज तक झारखंड गठन के बाद किसी अन्य सरकार ने नहीं की है। यही कारण है कि पूरे राज्य की जनता का रूझान झामुमो की ओर है। उन्होंने कहा कि सभी नये साथी काफी मजबूती के साथ लोकसभा चुनाव में कार्य करें। झामुमो के बेहतर कार्यां एवं भाजपा की छल एवं फरेब को जनता तक अच्छी तरह से पहुंचायें। पलामू लोकसभा सीट पर महागठबंधन प्रत्याशी ममता भुईयां की जीत सुनिश्चित है। मौके पर केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे, जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, बीस सूत्री जिला उपाध्यक्ष नितेश सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा चौबे, दिलीप गुप्ता, रितेश तिवारी आदि लोग उपस्थित थे।
...........
साढ़े चार साल में गढ़वा झारखंड का नंबर वन विधानसभा क्षेत्र बन गया है : मंत्री मिथिलेश
मंत्री ने कार्यकर्ताओं को सिखलाया लोस चुनाव जीतने का गुर
गढ़वा। गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता व उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर शनिवार को झामुमो गढ़वा प्रखंड के बूथ एवं पंचायत प्रभारियों का प्रशिक्षिण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में मंत्री श्री ठाकुर ने सभी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव जीतने का गुर सिखलाया। मौके पर मंत्री के साथ पार्टी के सभी पदाधिकारियों, प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पलामू लोकसभा सीट से महागठबंधन प्रत्याशी को जीताने का संकल्प लिया।
मौके पर मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि सभी कार्यकर्ता प्रत्येक घर में जाकर झारखंड सरकार की उपलब्धियों को बतायें। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा जनता के साथ किये जा रहे छलावा एवं फरेब को भी बतायें। लोगों को यह बतायें कि यदि इस बार गलती हुई तो जीवन भर पछताने के सिवा कुछ नहीं बचेगा। मंत्री ने कहा कि साढ़े चार साल में गढ़वा विधानसभा क्षेत्र झारखंड का नंबर वन विधानसभा क्षेत्र बन गया है। मोदी जी पिछले 10 साल की उपलब्धि को कभी भी मंच से नहीं बतलाते हैं। सिर्फ यही बताते हैं कि कांग्रेस की सरकार आयेगी तो आपकी सारी संपति लूटकर मुसलमानों में बांट देगी। पाकिस्तान राजकुमार को प्रधानमंत्री बनाने में लगा हुआ है। भाजपा फूट डालकर सिर्फ अपना राजनीतिक रोटी सेंकने का काम कर रही है। वे आदिवासियों की हितैशी खुद को बतलाते हैं, परंतु आदिवासियो के लिए कोई उपलब्धि नहीं है। भाजपा आदिवासियो को समाप्त करने, लोकतंत्र को समाप्त करने, संविधान बदलने की साजिश कर रही है। देश की जनता यह देख रही है कि लोकसभा चुनाव के पहले बेवजह देश के दो-दो मुख्यमंत्री को जेल में बंद कर दी है। इस लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखलाने को तैयार र्है। लोकसभा चुनाव के दो चरण के रूझान से भाजपा पूरी तरह बौखला गई है। मौके पर केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे, जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, बीस सूत्री जिला उपाध्यक्ष नितेश सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा चौबे, दिलीप गुप्ता, रितेश तिवारी, मुखराम भारती, नारद तिवारी, शरीफ अंसारी, फुजैल अहमद, श्रीकांत तिवारी, अशोक चंद्रवंशी, राजन उरांव, संजय चंद्रवंशी, सुलेमान अंसारी, जितेंद्र दुबे, फैजुल अंसारी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।गढ़वा जिले की खबरों को देखने के लिए चैनल को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें।
टिप्पणियाँ